VIDEO: केंद्रीय जांच ब्यूरो में डेपुटेशन पर जाने को राजी नहीं कोई IPS? पुलिस मुख्यालय के सामने चुनौती, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) में डेपुटेशन पर जाकर काम करने को लेकर राजस्थान कैडर के युवा IPS अधिकारियों में उत्साह नजर नहीं आ रहा है. हालात यह हैं कि CBI की ओर से राजस्थान से पुलिस अधीक्षक (SP) स्तर के दो अधिकारियों का पैनल मांगे जाने के बावजूद एक भी IPS अधिकारी ने इसके लिए आवेदन नहीं किया. खास बात यह है कि संबंधित बैच में प्रदेश के 30 से अधिक IPS अधिकारी कार्यरत हैं, लेकिन किसी ने भी केंद्रीय जांच एजेंसी में जाने की इच्छा नहीं जताई. ऐसे में CBI की मांग के बावजूद राजस्थान पुलिस मुख्यालय के सामने अधिकारियों का पैनल भेजने का संकट खड़ा हो गया है.

CBI ने राजस्थान कैडर से डेपुटेशन पर SP स्तर के दो IPS अधिकारियों की सेवाएं लेने के लिए पुलिस मुख्यालय से पैनल मांगा था. इसके लिए वर्ष 2016 से 2020 बैच के अधिकारियों को पात्रता के दायरे में रखा गया था. CBI की मांग के बाद राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने सितंबर महीने में संबंधित बैच के IPS अधिकारियों से आवेदन आमंत्रित किए थे. इसके बावजूद किसी भी अधिकारी ने केंद्रीय जांच एजेंसी में प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए आवेदन नहीं किया. यह स्थिति इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि संबंधित पांच बैचों में 30 से अधिक IPS अधिकारी हैं. इसके बावजूद एक भी अधिकारी का आगे नहीं आना पुलिस महकमे में डेपुटेशन को लेकर बदलती प्राथमिकताओं की ओर इशारा करता है.

IPS अधिकारियों की इस बेरुखी के पीछे अपने कैडर में SP के रूप में काम करने और SP पद पर नियुक्ति पाने की प्राथमिकता को अहम वजह माना जा रहा है. युवा IPS अधिकारी राजस्थान में ही जिला पुलिस अधीक्षक के रूप में जिम्मेदारी संभालने या इस पद पर नियुक्ति का अवसर पाने को प्राथमिकता दे रहे हैं. ऐसे में केंद्रीय जांच एजेंसी में डेपुटेशन पर जाने के लिए आवेदन करने का उत्साह नजर नहीं आ रहा. 

SP स्तर के अधिकारियों के लिए जिला पुलिस की कमान संभालना करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है. कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जिले की पुलिस व्यवस्था का नेतृत्व करने का अवसर अधिकारियों की प्राथमिकताओं में शामिल रहता है. ऐसे में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के बजाय अपने कैडर में SP की जिम्मेदारी हासिल करने की चाह को इस स्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है. 

CBI जैसी प्रमुख केंद्रीय जांच एजेंसी में काम करने का अवसर IPS अधिकारियों को गंभीर आपराधिक मामलों की जांच और अंतरराज्यीय अपराधों से जुड़े मामलों में अनुभव हासिल करने का मौका देता है. इसके बावजूद राजस्थान से किसी अधिकारी का आवेदन नहीं आना कई सवाल खड़े करता है. पुलिस मुख्यालय ने आवेदन आमंत्रित कर प्रक्रिया शुरू की, लेकिन इच्छुक अधिकारियों के आगे नहीं आने से पैनल तैयार करने की चुनौती सामने आ गई है.

फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम का सबसे अहम पहलू यही है कि CBI को राजस्थान से दो SP स्तर के अधिकारियों की जरूरत है, लेकिन संबंधित बैच के 30 से अधिक अधिकारियों में से कोई भी डेपुटेशन पर जाने के लिए तैयार नहीं हुआ. अब देखना होगा कि पुलिस मुख्यालय इस स्थिति में आगे क्या कदम उठाता है और CBI की मांग के अनुरूप अधिकारियों का पैनल किस तरह तैयार हो पाता है.