VIDEO: गैस की किल्लत, कांग्रेस ने खोला मोर्चा, सदन के बाद अब सड़क पर उतरेगी कांग्रेस, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: ईजरायल, अमेरिका और ईरान के मध्य हो रहे युद्ध के कारण देश में एलपीजी गैस की किल्लत के कारण प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. प्रदेश में कांग्रेस ने विधानसभा के सदन में आवाज बुलंद करने के बाद अब सड़क पर आंदोलन करने का फैसला किया है. अगले दो दिन प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस धरना प्रदर्शन करेगी. 

ईजरायल, अमेरिका और ईरान के मध्य हो रहे युद्ध का असर अब देश में भी साफ दिखाई देने लगा है. एक तरफ घरेलु गैस सिलेंडर की कीमत बढा दी गई है, तो दूसरी तरफ राजस्थान सहित पूरे देश में एलपीजी गैस की किल्लत हो गई है. जगह जगह सिलेंडर के लिए लाइनें लगने लगी है और कालाबाजारी की जा रही है. प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को तुरंत हाथ में ले लिया है. कल विधानसभा में कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर राज्य सरकार को घेरा. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली व कांग्रेस विधायक अमित चाचाण ने सदन में यह मुद्दा उठाया और हंगामा भी किया.

अब विधानसभा अनिश्चतकाल तक के लिए स्थगित हो गई है, तो कांग्रेस ने सड़क पर उतरने का फैसला किया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आरोप लगाया है कि भाजपा की केन्द्र सरकार गलत विदेश नीति के कारण विफल रही है, जिस कारण देश में ईंधन का संकट व्याप्त हो गया है. केन्द्र सरकार द्वारा आमजन पर मंहगाई का बोझ डालते हुये घरेलू रसोई गैस के दाम बढ़ाकर गैस सिलेण्डर की कीमतों में 60 रूपये प्रति सिलेण्डर की बढ़ोत्तरी की गई है. प्रदेश कांग्रेस महासचिव व मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने कहा कि  कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में विरोध करने का निर्णय लिया है. 12 और 13 मार्च, 2026 को जिला मुख्यालयों पर केन्द्र सरकार द्वारा रसोई गैस के दाम बढ़ाने और सामाजिक कार्यक्रमों हेतु कॉमर्शियल सिलेण्डर उपलब्ध कराने में विफल रहने के विरूद्ध धरने-प्रदर्शन करने का फैसला किया है.

कांग्रेस का आरोपल है कि लगातार शादी-विवाह एवं समारोह आयोजित हो रहे हैं, किन्तु ऐसे समय में केन्द्र सरकार द्वारा इन समारोहों के आयोजन हेतु आवश्यक कॉमर्शियल गैस सिलेण्डर की आपूर्ति को भी बाधित कर दिया गया है, जिससे आमजन को अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है. प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर के लिए जनता को लाइन में लगना पड़ रहा है और सिलेंडर की कालाबाजारी हो रही है.