राजस्थान में मानसून विदा, पानी का संकट ! बांधों में कुल क्षमता का 61.93 प्रतिशत पानी ही बचा

राजस्थान में मानसून विदा, पानी का संकट ! बांधों में कुल क्षमता का 61.93 प्रतिशत पानी ही बचा

जयपुर : राजस्थान में मानसून विदा हो गया है लेकिन पानी का संकट गहरा गया है. बांधों में पानी की तस्वीर चिंता बढ़ाने वाली हैं. प्रदेश के 693 बांधों की कुल जलभराव क्षमता 13,029.09 MQM है  लेकिन इनमें अब 8,068.59 एमक्यूएम पानी ही बचा है. 

बांधों में कुल क्षमता का 61.93 प्रतिशत पानी ही मौजूद है. पिछले साल इन्ही दिनों में इन्हीं बांधों में स्थिति अलग थी. तब 11,793.95 एमक्यूएम पानी था और भराव 90.52 प्रतिशत था. एक साल में प्रदेश के बांधों में पानी की उपलब्धता 3,725.37 MQM कम हो गई है.

प्रदेश के 693 बांधों में से 215 पूरी तरह खाली हैं. 379 बांध आंशिक रूप से भरे हुए हैं, सिर्फ 99 बांध पूरी तरह भरे हुए हैं. राजस्थान की लाइफलाइन बीसलपुर भी पिछले साल से काफी पीछे है. बीसलपुर का वर्तमान भराव स्तर 313.95 आरएल मीटर है. बांध में 719.180 एमक्यूएम पानी बचा हुआ है. पिछले साल इसी समय बीसलपुर बांध 100 प्रतिशत भरा हुआ था.