
नई दिल्ली: उत्तर भारत में अब सर्दी का असर तेजी से बढ़ने वाला है. मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार में आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है. मौसम के बदलते मिजाज के बीच न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट के आसार जताए गए हैं. इससे सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ सकती है.
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की गई है. ऐसे में प्रदेश के लोगों को आने वाले दिनों में सर्दी का ज्यादा सामना करना पड़ सकता है. खासकर सुबह और देर रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस होने की संभावना है.
दिल्ली समेत 5 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट:
सर्दी के साथ अब कोहरे का असर भी बढ़ने लगा है. दिल्ली समेत पांच राज्यों में अगले तीन दिनों तक घने कोहरे की चेतावनी दी गई है. पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी कोहरा छाने की संभावना है.
दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट:
जहां उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का असर बढ़ने वाला है, वहीं दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में मौसम का अलग ही मिजाज देखने को मिलेगा. तमिलनाडु और पुडुचेरी में आज भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही तेज हवाएं चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है.