जयपुर: पीएम मोदी के सात वचनों को अपनाते हुए राजस्थान बीजेपी महिला मोर्चा ने अनूठा संदेश दिया. "कम तेल की थाली, स्वस्थ भारत की खुशहाली” कार्यशाला आयोजित की गई. बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं को को कम तेल में स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन बनाने का प्रशिक्षण दिया गया.
महिलाओं के माध्यम से सबसे प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंच सकता है. इसी अवधारणा के साथ बीजेपी प्रदेश महिला मोर्चा ने अनूठी वर्कशॉप रखी. कम तेल की थाली, स्वस्थ भारत की खुशहाली” कार्यशाला आयोजित की गई. जयपुर के एक रेस्टोरेंट में बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं ने कम तेल में पौष्टिक और स्वादिष्ट खाना बनाने के गुर सीखे.
बीजेपी महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने ये नवाचार किया. राखी राठौड़ ने कहा कि रसोई केवल भोजन बनाने का स्थान नहीं, बल्कि स्वस्थ नागरिकों और मजबूत समाज की नींव रखने का केंद्र है. इसलिए भाजपा महिला मोर्चा इस अभियान को व्यापक जनजागरण के रूप में आगे बढ़ाएगा. राखी ने कहा कि यह कार्यक्रम भाजपा के जनसंपर्क अभियान का हिस्सा माना जा रहा है. महिला मोर्चा के माध्यम से पार्टी न केवल प्रधानमंत्री के संदेश को घर-घर पहुंचाने का प्रयास कर रही है, बल्कि महिलाओं के बीच संगठन की सक्रियता और संपर्क को भी मजबूत बना रही है.
कार्यशाला में हेड शेफ विनीता सोमानी ने महिलाओं को कम तेल का उपयोग कर विभिन्न व्यंजन तैयार करना सिखाया. उन्होंने बताया कि स्वाद और गुणवत्ता से समझौता किए बिना भी कम तेल में पौष्टिक भोजन बनाया जा सकता है. उन्होंने महिलाओं से घर की रसोई में स्वस्थ खानपान की आदतों को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां पूरे परिवार के स्वास्थ्य को बेहतर बना सकती हैं और चिकित्सा खर्चों में भी कमी ला सकती हैं. उन्होंने कहा कि कम तेल में बेहतरीन स्वादिष्ट खाना बनाया जा सकता है.
कार्यशाला में नेचुरोपैथी विशेषज्ञ डॉ. पूनम कन्हैया करवा ने कम तेल के उपयोग से बनने वाले भोजन के स्वास्थ्य संबंधी फायदों पर बताया और कहा आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते मोटापे, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोगों का एक बड़ा कारण अत्यधिक तेल और वसा युक्त भोजन है. यदि दैनिक भोजन में तेल की मात्रा नियंत्रित रखी जाए तो कई गंभीर बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है. बीजेपी महिला मोर्चा कार्यकर्ता कम तेल में खाना बचाने का सन्देश जन जन तक पहुंचाएंगे.