जयपुरः राजस्थान ओलंपिक संघ अब राष्ट्रीय खेलों की तर्ज पर प्रदेश में राज्य ओलंपिक गेम्स का आयोजन करेगा. राजस्थान ओलंपिक संघ की एजीएम में यह फैसला किया गया. बैठक में प्रदेश के खेलों के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, राज्य खेल संघों एवं जिला ओलंपिक संघों को मजबूत करने तथा आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारियों सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई.
अब तक कागजों तक सीमित रहने वाले राजस्थान ओलंपिक संघ ने अब प्रदेश के खेलों में सक्रिय भूमिका निभाने का फैसला किया है. संघ की जनरल बॉडी मीटिंग यानी एजीएम में यह संकेत तब मिले, जब सभी राज्य खेल संघों की मदद से राज्य ओलंपिक संघ ने राष्ट्रीय खेलों की तर्ज पर राजस्थान ओलंपिक गेम आयोजित कराने का फैसला किया. इन खेलों में हर खेल की श्रेष्ठ आठ टीमें हिस्सा लेंगी. तेजस्वी गहलोत की अध्यक्षता में हुई ओलंपिंक संघ की एजीएम में इस प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई. राज्य ओलंपिक संघ जल्द ही एक डीपीआर बनाकर राज्य सरकार को प्रस्ताव देगी. राज्य सरकार द्वारा बजट स्वीकृत करने पर ओलंपिक संघ इसका खेल परिषद के सहयोग से आयोजन करेगा. बैठक में राजस्थान राज्य ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजस्वी गहलोत, महासचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर, कोषाध्यक्ष अरुण सारस्वत एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष जैन सिंह राजपूत सहित प्रदेश के विभिन्न राज्य खेल संघों, जिला ओलंपिक संघों तथा एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे. राज्य ओलंपिक खेलों के आयोजन के अलावा भी एजीएम में कई अहम फैसले लिए गए.
राजस्थान ओलंपिक संघ की एजीएम में बड़े मुद्दों पर चर्चा
राष्ट्रीय खेलों की तर्ज पर राज्य ओलंपिक गेम्स 2026-27 का आयोजन होगा
मेघालय में होने वाले 39वें नेशनल गेम्स की तैयारियों पर भी चर्चा की गई
राज्य खेल संघों और जिला ओलंपिक संघों की भूमिका पर मंथन किया गया
जिला ओलंपिक संघों के संविधान, उनके चुनावों की स्थिति पर विचार किया गया
राजस्थान ओलंपिक संघ के संविधान के अनुरूप संविधान बनाना होगा जिलों को
जिला ओलंपिक संघों तथा राज्य खेल संघों की मान्यता, संबद्धता एवं असंबद्धता से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई
राज्य खेल संघों के विकास की योजना पर भी चर्चा की गई
लंबित कानूनी मामलों की वर्तमान स्थिति पर भी बैठक में चर्चा की गई
वार्षिक आमसभा के अवसर पर राजस्थान के विभिन्न राज्य खेल संघों एवं जिला ओलंपिक संघों के पदाधिकारियों का सम्मान किया गया. प्रदेश में खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों के लिए लगातार कार्य करने वाले पदाधिकारियों के योगदान की सराहना की गई. इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल संघों एवं जिला ओलंपिक संघों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही. सभी ने प्रदेश में खेलों को नई दिशा देने और खिलाड़ियों के हित में मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की.