राजस्थान पुलिस मुख्यालय का बड़ा आदेश, चुनाव से पहले पुलिस महकमे में होगा फेरबदल, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः प्रदेश में आगामी पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों से पहले राजस्थान पुलिस में बड़े स्तर पर तबादलों की तैयारी शुरू हो गई है, PHQ ने चुनावी निष्पक्षता और प्रशासनिक संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों को हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है. 

पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार जिन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नगर निगम, नगरपालिका या पंचायत समिति क्षेत्र में तीन वर्ष या उससे अधिक समय पूरा कर लिया है, उन्हें अनिवार्य रूप से बदला जाएगा. इस दायरे में निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी विशेष रूप से शामिल हैं. चुनावी माहौल में निष्पक्षता बनाए रखने और स्थानीय प्रभाव को कम करने के लिए यह कदम अहम माना जा रहा है. इसके लिए 30 अप्रैल 2026 को कट-ऑफ डेट मानते हुए सभी इकाइयों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं.इसके अलावा, एक ही जिले में तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) के अधिकारियों को भी अन्य जिलों में स्थानांतरित किया जाएगा. पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ अधिकारियों के तबादले प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे, ताकि चुनाव के दौरान प्रशासनिक पारदर्शिता और कानून व्यवस्था की स्थिति मजबूत बनी रहे. 

तबादला प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी पुलिस इकाइयों और रेंज कार्यालयों से नामजद प्रस्ताव मांगे गए हैं. अधिकारियों की सूची 11 फरवरी 2026 तक पुलिस मुख्यालय को भेजनी होगी. इसके बाद मुख्यालय स्तर पर समीक्षा कर अंतिम सूची तैयार की जाएगी. माना जा रहा है कि इस बार बड़ी संख्या में निरीक्षक, उपनिरीक्षक और RPS अधिकारी प्रभावित हो सकते हैं, जिससे कई जिलों में प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिलेगा.पुलिस मुख्यालय ने यह भी निर्देश दिए हैं कि सभी तबादलों की पालन रिपोर्ट 28 फरवरी 2026 तक राज्य निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी. चुनावी प्रक्रिया के मद्देनजर आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप यह कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि समय रहते तबादले पूरे होने से चुनाव के दौरान निष्पक्ष और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जा सकेगी.प्रदेशभर में संभावित तबादलों को लेकर पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है. कई अधिकारी नए स्थानों पर जिम्मेदारी मिलने की तैयारी में जुट गए हैं, वहीं जिलों में प्रशासनिक समीकरण बदलने की चर्चा भी शुरू हो गई है. आने वाले दिनों में तबादलों की आधिकारिक सूची जारी होने के साथ ही पुलिस विभाग में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं,