इंटरनेट डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनका क्रिकेट नहीं, बल्कि उनकी निजी ज़िंदगी है. खबरों के मुताबिक शिखर धवन दूसरी शादी करने जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि वे अगले माह अपनी गर्लफ्रेंड सोफी शाइन से विवाह करेंगे. शिखर धवन और सोफी शाइन लंबे समय से एक-दूसरे के साथ हैं. दोनों को पहली बार गत वर्ष चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान सार्वजनिक तौर पर एक साथ देखा गया था. इसके बाद दोनों ने अपने रिश्ते को स्वीकार भी किया था. हाल ही में जब धवन ने अपना 40वां जन्मदिन मनाया, तो सोफी ने सोशल मीडिया पर उनके लिए एक खास पोस्ट शेयर कर अपने रिश्ते पर फिर से मुहर लगाई थी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फरवरी के तीसरे सप्ताह में दिल्ली-एनसीआर में यह भव्य शादी समारोह आयोजित किया जाएगा. इस मौके पर क्रिकेट और बॉलीवुड जगत से जुड़े कई दिग्गजों के शामिल होने की संभावना है. शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और शिखर धवन खुद इन तैयारियों पर खास ध्यान दे रहे हैं, ताकि किसी तरह की कोई कमी न रह जाए. ये कपल अपनी ज़िंदगी की नई पारी की शुरुआत करने जा रहा है.
सोफी शाइन मूल रूप से आयरलैंड की रहने वाली हैं. वे एक प्रोडक्ट कंसल्टेंट हैं और फिलहाल अबू धाबी की एक कंपनी में सेकेंड वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं. सोफी का जन्म जून 1990 में लिमरिक, आयरलैंड में हुआ था. उन्होंने लिमरिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मार्केटिंग और मैनेजमेंट में डिग्री हासिल की है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोफी शिखर धवन फाउंडेशन की प्रमुख भी हैं, जो ‘दा वन स्पोर्ट्स’ की परोपकारी शाखा है.
शिखर धवन हाल ही में अपनी आत्मकथा द वन: माई लाइफ एंड मोर को लेकर भी चर्चा में रहे थे. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि शिखर और सोफी की मुलाकात कुछ साल पहले दुबई में हुई थी, जहां से उनकी दोस्ती शुरू हुई और समय के साथ यह दोस्ती प्यार में बदल गई. गौरतलब है कि यह शिखर धवन की दूसरी शादी होगी. इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की रहने वाली आयशा मुखर्जी से शादी की थी. इस शादी से उनका 11 साल का बेटा जोरावर धवन है। हालांकि, शिखर और आयशा अब अलग हो चुके हैं.