जयपुर: भविष्यवक्ता और कुण्डली विश्ल़ेषक डॉ. अनीष व्यास से जानें अपना आने वाला सप्ताह कैसा रहेगा. तो चलिए जानते हैं किसके भाग्य में है खुशी है और किसे मिलता है गम, किसको मिलता है प्यार और किस पर होती है पैसों की बौछार.
मेष राशि
मेष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह आपाधापी भरा रहने वाला है. सप्ताह की शुरुआत में आपको करियर-कारोबार में कुछेक अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है. इस दौरान छोटे-छोटे कार्यों को भी पूरा करने के लिए आपको अधिक मेहनत और प्रयास करना पड़ेगा. सप्ताह की शुरुआत में छोटी यात्राओं के योग बनेंगे. इस दौरान भावुकता में आकर लोगों पर आंख मूंदकर विश्वास करने की भूल न करें. सप्ताह के पूर्वार्ध में नौकरीपेशा लोगों के कार्य जब तक सिद्ध न हो जाएं, तब तक अपनी योजनाओं को गुप्त रखने की आवश्यकता रहेगी. व्यवसाय से जुड़े अहम फैसलों के लिए सप्ताह के पूर्वार्ध के मुकाबले उत्तरार्ध ज्यादा शुभ और लाभदायक रहेगा. सप्ताह के मध्य में धार्मिक-आध्यात्मिक कार्यों में आपकी सहभागिता रहेगी. सप्ताह के उत्तरार्ध में आप धैर्य और विवेक से अपनी समस्याओं का समाधान खोजने का प्रयास करेंगे, जिससे आपको अंततः कामयाबी भी मिलेगी. इस दौरान आपका मन कोलाहल से दूर किसी शांत जगह पर जाने का करेगा. आपका अधिक समय चिंतन-मनन में बीतेगा. रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह मिश्रित फलदायी रहने वाला है. मेष राशि के जातक यदि अपने प्रेम संबंध को मधुर बनाए रखना चाहते हैं, तो उन्हें अपने रिश्ते के बीच में किसी भी प्रकार का ईगो लाने से बचना चाहिए.
उपाय: हनुमत चालीसा का पाठ करें.
वृषभ राशि
वृष राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ और उन्नति प्रदान करने वाला साबित होगा. सप्ताह की शुरुआत से ही आपको दैनिक कार्यों में अनुकूलता बनी रहेगी. आपको घर और बाहर दोनों जगह लोगों से भरपूर सहयोग और समर्थन मिलता हुआ नजर आएगा. आप सभी ओर से खुद को सुरक्षित महसूस करेंगे. कार्यक्षेत्र में सीनियर की आप पर विशेष कृपा बरसेगी.
सप्ताह के मध्य में आप सुख-सुविधा से जुड़ी चीजों का क्रय कर सकते हैं. आपको भूमि-भवन, वाहन आदि का सुख प्राप्त होगा. व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए यह सप्ताह गुडलक लिए हुए है. आपका जहां-तहां अटका धन अप्रत्याशित रूप से निकल आएगा और आपके कोष की शोभा बढ़ाएगा. व्यवसाय को आगे बढ़ाने की योजनाएं फलीभूत होंगी. छात्र वर्ग के लिए यह सप्ताह अत्यंत ही शुभ रहने वाला है. सप्ताह के मध्य में उन्हें बहुप्रतीक्षित शुभ सूचना की प्राप्ति संभव है. शिक्षा के प्रति उनकी निष्ठा बढ़ेगी और एकाग्र मन से वे पढ़ाई-लिखाई पर अपना ध्यान केंद्रित करेंगे. रिश्ते-नाते की दृष्टि से पूरा सप्ताह सामान्य रहने वाला है. पूरे सप्ताह आपके अपने माता-पिता एवं अन्य परिजनों के साथ संबंध मधुर बने रहेंगे. समाज में आपकी मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी. प्रेम संबंधों में एक-दूसरे के प्रति आकर्षण एवं लगाव बढ़ेगा. वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा.
उपाय: श्री सूक्त का पाठ करें.
मिथुन राशि
मिथुन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह शुभता और सौभाग्य लिए हुए है. यदि आप व्यवसायी हैं और बीते कुछ समय से बाजार में मंदी का सामना कर रहे थे या फिर कारोबार में आपको मनमुताबिक लाभ की प्राप्ति नहीं हो रही थी, तो आपकी यह शिकायत इस हफ्ते दूर हो सकती है. इस सप्ताह आपको कारोबार में मनचाहा लाभ होगा. किसी लाभदायक योजना से भी जुड़ने का अवसर प्राप्त हो सकता है. शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए यह सप्ताह विशेष फलदायी रहने वाला है. आप स्वयं की बुद्धि एवं चातुर्य से अटके हुए कार्यों को पूरा करने में कामयाब होंगे. विद्यार्थी वर्ग के लिए समय उत्तम फलदायक बना हुआ है. नौकरीपेशा जातकों को कार्यक्षेत्र में अनुकूलता बनी रहेगी. कार्यक्षेत्र में लोग आपके परिश्रम और प्रयास की प्रशंसा करेंगे. इस सप्ताह कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामले में स्थितियां आपके पक्ष में जा सकती हैं. सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों से मेलजोल बढ़ेगा. रिश्ते-नाते की दृष्टि से पूरा सप्ताह आपके लिए अनुकूल रहने वाला है. जीवनसाथी के साथ आपकी अच्छी ट्यूनिंग बनी रहेगी. दांपत्य जीवन सुखमय बना रहेगा. प्रेम संबंधों में नजदीकियां बढ़ेंगी. एक-दूसरे की भावनाओं को समझते हुए उनका आदर करेंगे.
उपाय: विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें.
कर्क राशि
कर्क राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित फलदायी रहेगा. इस सप्ताह आपकी चीजें कभी मन मुताबिक तरीके से बनती हुई नजर आएंगी, तो कभी आपको कार्यों में अनचाही समस्याओं से जूझना पड़ेगा. कर्क राशि के जातकों को इस सप्ताह उन लोगों से खूब सावधान रहने की आवश्यकता रहेगी जो अक्सर भावनात्मक दबाव बनाकर आपको ठगने की या फिर कहें, अपना काम निकलवाने की कोशिश में लगे रहते हैं. आपको समझना होगा कि यह सप्ताह दया नहीं, दांव दिखाने का है. ऐसे में किसी भी निर्णय को लेते समय दिल के साथ दिमाग का भी इस्तेमाल करें. नौकरीपेशा लोगों को सप्ताह के मध्य में लोगों के उकसाने पर क्रोध करने से बचना होगा. इस दौरान लोगों की छोटी-मोटी बातों को नजरअंदाज करके अपने लक्ष्य पर फोकस करना उचित रहेगा. कारोबार की दृष्टि से सप्ताह के उत्तरार्ध का समय थोड़ा प्रतिकूल रहने वाला है. इस दौरान आपको अपने कंपटीटर से कड़ा मुकाबला करना पड़ सकता है. रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए इस सप्ताह आपको सही होते हुए भी कुछ लोगों के सामने झुकना पड़ सकता है. इस सप्ताह विद्यार्थियों का मन पढ़ाई से उचट सकता है और उनकी एकाग्रता में कमी आ सकती है.
उपाय: "ॐ नमः शिवाय" मंत्र का जप करें.
सिंह राशि
सिंह राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सोने जैसा शुभ और लाभप्रद बना रहेगा. इस सप्ताह आपके सभी सोचे हुए कार्य समय पर आपके मन मुताबिक पूरे होते हुए नजर आएंगे. करियर हो या फिर कारोबार, हर जगह आप अपने विरोधियों पर विजय हासिल करते हुए मनचाही प्रगति हासिल करेंगे. सप्ताह के पूर्वार्ध में आप शत्रु संबंधी मामलों में बड़ी विजय हासिल कर सकते हैं. करियर की दृष्टि से यह समय आपके लिए अत्यंत ही शुभ रहने वाला है. विशेष रूप से विदेश संबंधी कार्य करने वालों के लिए यह अत्यंत ही अनुकूल समय रहने वाला है. इष्ट-मित्रों के सहयोग से आप अपने कारोबार को आगे बढ़ाने में कामयाब होंगे. सरकारी कार्यों में आ रही दिक्कतें दूर होंगी. कुल मिलाकर आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. सप्ताह के उत्तरार्ध में भूमि-भवन, वाहन आदि क्रय करने के लिए स्थिति शुभ रहेगी. इस दौरान आपको माता-पिता का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होगा. सप्ताह के उत्तरार्ध में किसी प्रिय व्यक्ति के आगमन से घर में खुशियों का माहौल बना रहेगा. इस दौरान परिवार संग अचानक से पिकनिक-पार्टी का प्रोग्राम बन सकता है. आपके पारिवारिक सुख-संतोष में वृद्धि होगी.
उपाय: सूर्याष्टकं का पाठ करें.
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों को इस सप्ताह सोचे हुए कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए अधिक कर्म, अधिक परिश्रम और अधिक प्रयास की आवश्यकता रहेगी. यदि आप आलस्य और अभिमान छोड़कर ऐसा करने में कामयाब रहते हैं, तो आप जीवन में आने वाली सभी अड़चनों को दूर करते हुए अंततः सफलता एवं लाभ प्राप्त करेंगे. कन्या राशि के जातकों को इस सप्ताह समय का सदुपयोग और संबंधों का आदर करने की आवश्यकता भी रहेगी. सप्ताह के पूर्वार्ध में इष्ट-मित्रों से अधिक उम्मीद न रखें, क्योंकि इस दौरान उनसे समय पर मदद न मिलने पर आपके भीतर निराशा के भाव उत्पन्न हो सकते हैं. इस दौरान आपको ऋण, रोग और शत्रु से बचना होगा. यदि आप कारोबारी हैं तो धन के लेनदेन में खूब सावधानी बरतें. भूमि-भवन के क्रय-विक्रय की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए शुभ नहीं है. ऐसे में इन विषयों में सोच-समझकर निर्णय लें. रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह मिलाजुला रहने वाला है. इस सप्ताह प्रेम-प्रसंग में कदम बढ़ाते समय सावधानी बरतें तथा उतावलेपन से बचें. दांपत्य जीवन को सुखमय बनाए रखने के लिए जीवनसाथी की भावनाओं का आदर करें तथा उसकी सेहत का विशेष ख्याल रखें.
उपाय: गणेश अष्टकम् का पाठ करें.
तुला राशि
तुला राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह सकारात्मक फल लिए रहने वाला है. सप्ताह की शुरुआत से ही आपको प्रत्येक कार्य में मनचाही सफलता और लाभ की प्राप्ति होगी. इस सप्ताह आपके आर्थिक स्रोतों में वृद्धि होगी. मार्केट में आपकी साख बढ़ेगी. नौकरीपेशा लोगों की पदोन्नति के योग बनेंगे. यदि आप अपनी नौकरी में बदलाव के लिए प्रयासरत थे, तो इस सप्ताह किसी इष्ट-मित्र की मदद से आपकी यह ख्वाहिश पूरी हो सकती है. सप्ताह के मध्य में आप अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए उसमें बड़ी पूंजी लगा सकते हैं. साझेदार और कर्मचारियों के साथ संबंध मधुर बने रहेंगे. अटकी हुई योजनाओं में गति आने से आपके भीतर सकारात्मकता बढ़ेगी और आप दोगुने जोश के साथ कार्य करेंगे. इस सप्ताह आपका अपने परिवार के लोगों के साथ बेहतर तालमेल बना रहेगा. आपका भौतिक सुख-साधनों एवं विपरीत लिंग के प्रति प्रेम और आकर्षण बढ़ेगा. यदि आप पहले से प्रेम संबंध में बने हुए हैं, तो लव पार्टनर के साथ क्वालिटी टाइम बिताने के अवसर प्राप्त होंगे. जीवनसाथी से कोई बड़ा सरप्राइज़ गिफ्ट मिल सकता है. ससुराल पक्ष की तरफ से सुख-सहयोग मिलने की संभावना बनेगी. सेहत सामान्य रहेगी.
उपाय: शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों के लिए यह सप्ताह अत्यंत ही थोड़ा खर्चीला रहने वाला है. सप्ताह की शुरुआत में आपके सिर पर अचानक से कुछेक बड़े खर्च आ सकते हैं, जिसके चलते आपका बना-बनाया बजट गड़बड़ा सकता है. पूरे सप्ताह तमाम तरह की उतार-चढ़ाव भरी स्थितियों के बने रहने के बावजूद यदि आप धैर्य और विवेक को बनाए रखते हैं, तो चीजें अंततः आपके पक्ष में जाएंगी. कहने का तात्पर्य यह है कि आप जितनी सकारात्मकता और ऊर्जा के साथ अपने कार्यों को अंजाम देंगे, उतनी ही सफलता और लाभ प्राप्त होगा. यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं, तो सप्ताह के पूर्वार्ध में भुगतान के अटकने की समस्या आ सकती है. इस दौरान आपको जोखिम भरे निवेश अथवा धन उधार देने से बचना चाहिए. अपनी देनदारियों को समय से चुकाने का प्रयास करें. नौकरीपेशा लोगों के लिए सप्ताह के उत्तरार्ध का समय शुभता लिए रहेगा. इस दौरान रोज़ी-रोज़गार के संबंध में की गई यात्राएं शुभ साबित होंगी. रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह मिश्रित फलदायी रहने वाला है. इस सप्ताह आपको प्रेम-प्रसंग में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाने की आवश्यकता रहेगी. प्रेम संबंध को मधुर बनाए रखने के लिए लव पार्टनर के साथ वाद-विवाद करने से बचें. इस सप्ताह पति-पत्नी के बीच सामंजस्य में कमी देखने को मिल सकती है.
उपाय: सुंदरकांड का पाठ करें.
धनु राशि
धनु राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह बीते कुछ समय से चली आ रही समस्याओं से मुक्ति दिलाने वाला साबित होगा. इस सप्ताह किसी प्रभावी व्यक्ति अथवा इष्ट-मित्रों की मदद से करियर-कारोबार से जुड़ी चिंता या मुश्किलें दूर होंगी. सप्ताह की शुरुआत में यात्रा पर जाने के योग बनेंगे. यात्रा सुखद एवं नए संपर्कों को बढ़ाने वाली साबित होगी. व्यवसाय में योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर विशेष लाभ प्राप्ति के योग बनेंगे. घर-परिवार में भौतिक सुख-साधनों में वृद्धि होगी. सप्ताह के उत्तरार्ध में ऋण-रोग आदि से मुक्ति मिल सकती है. साझेदार से अपेक्षित सहयोग मिलने से कारोबार में वृद्धि होगी. विद्यार्थियों की अध्ययन के प्रति अभिरुचि बढ़ेगी. उच्च शिक्षा के लिए उनके द्वारा किया गया कठिन परिश्रम और प्रयास सफल होगा. रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह पूरा हफ्ता आपके लिए अनुकूल रहने वाला है. आपके मधुर व्यवहार के कारण लोग आपसे प्रभावित होंगे. सगे भाई-बहनों का पूरा सहयोग और समर्थन मिलता रहेगा. आप पर माता-पिता का विशेष स्नेह रहेगा. उनके द्वारा सहयोग और समर्थन मिलता रहेगा. समाज में मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी. प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे. लव पार्टनर के साथ हंसी-खुशी समय बीतेगा. मैरिड लाइफ सुखमय बनी रहेगी.
उपाय: नारायण कवच का पाठ करें.
मकर राशि
मकर राशि के जातकों को इस सप्ताह सही और गलत तथा अपने और पराए के बीच फर्क करने में मुश्किलें आ सकती हैं. आप किसी भी निर्णय को लेने में असमंजस की स्थिति से गुजरेंगे, जिसके चलते गलत निर्णय लेने की आशंका बनी रहेगी. यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं, तो सप्ताह की शुरुआत में धन के लेन-देन में खूब सावधानी बरतें. इस दौरान घर और बाहर दोनों जगह लोगों के साथ वाद-विवाद करने से बचें. दूसरों के मामले में दखल देने की भूल बिल्कुल न करें, अन्यथा बेवजह की परेशानियां झेलनी पड़ सकती हैं. कार्यक्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही करने से बचें. रिश्ते-नाते को मधुर बनाए रखने के लिए मकर राशि के जातकों को इस सप्ताह लोगों के साथ बात-व्यवहार करते समय खूब सावधानी बरतने की आवश्यकता रहेगी. पूरे सप्ताह क्रोध से बचें और अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें, अन्यथा वर्षों से बने संबंध में दरार आ सकती है. किसी भी कठिन परिस्थिति में अपना साहस और संयम न खोएं. प्रेम संबंध में भावनाओं में बहकर निर्णय न लें, अन्यथा बाद में पछताना पड़ सकता है. इस सप्ताह जीवनसाथी की खराब सेहत आपकी चिंता का बड़ा कारण बन सकती है.
उपाय: महामृत्युंजय मंत्र का जप करें.
कुंभ राशि
कुंभ राशि के जातकों को इस सप्ताह किस्मत का पूरा साथ मिलेगा, जिसके चलते आपके सोचे हुए कार्य समय पर मनचाहे तरीके से पूरे होते हुए नजर आएंगे. आप सभी क्षेत्रों में अपने आपको सुरक्षित महसूस करेंगे. सप्ताह की शुरुआत में जमीन-जायदाद से जुड़े विवादों का हल आपसी बातचीत से निकलेगा. इस दौरान आपके स्वभाव में कुछ तेजी देखने को मिलेगी. आप अपने साहस और पराक्रम से बड़े से बड़े कार्य को सरलता से, समयबद्ध तरीके से पूरा करेंगे. इस सप्ताह आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार देखने को मिलेगा. नौकरीपेशा लोगों की आय के नए स्रोत बनेंगे. आप अपने धन का उचित उपयोग करते हुए उसे बढ़ाने का कार्य करेंगे. सप्ताह के उत्तरार्ध में पूर्व में किए गए निवेश से विशेष लाभ मिलने के योग बनेंगे. इस दौरान करियर-कारोबार के सिलसिले में की गई यात्रा सुखद एवं लाभप्रद साबित होगी. प्रेम-प्रसंग में लव पार्टनर के साथ अच्छी ट्यूनिंग देखने को मिलेगी. एक-दूसरे की भावनाओं की कद्र करेंगे. संतान पक्ष से सुख-सहयोग प्राप्त होगा. सप्ताह के उत्तरार्ध में आपका अधिकांश समय इष्ट-मित्रों अथवा परिजनों के साथ धार्मिक-सामाजिक कार्यों में बीतेगा. परिवार के किसी प्रिय सदस्य की उन्नति से मन प्रसन्न रहेगा.
उपाय: शिव स्तोत्र का पाठ करें.
मीन राशि
मीन राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह थोड़ा चुनौती भरा रह सकता है. ऐसे में उन्हें पूरे हफ्ते अपने कामकाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचते हुए अपने विरोधियों से सतर्क रहने की आवश्यकता रहेगी. नौकरीपेशा लोगों के लिए सप्ताह की शुरुआत थोड़ी उठा-पटक लिए रहने वाली है. इस दौरान उनके सिर पर अचानक से कामकाज का अतिरिक्त बोझ आ सकता है. कार्यक्षेत्र में सीनियर और जूनियर से सहयोग और समर्थन मिलने में कमी आ सकती है. विद्यार्थियों का मन पढ़ाई-लिखाई से उचट सकता है. इस दौरान उनका मन पढ़ाई से इतर कार्यों में लगेगा. उन्हें मन मुताबिक सफलता पाने के लिए अधिक परिश्रम और प्रयास करना होगा. यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं, तो आपको अपनी जमा पूंजी सही जगह पर निवेश करने पर ही लाभ की प्राप्ति संभव हो पाएगी. रिश्ते-नाते की दृष्टि से सप्ताह के उत्तरार्ध का समय अत्यधिक प्रतिकूल है. इस दौरान किसी प्रिय व्यक्ति के साथ आपका वाद-विवाद हो सकता है. ऐसे में इस दौरान अपनी वाणी और व्यवहार पर नियंत्रण बनाए रखें और लोगों के साथ तकरार करने से बचें. मीन राशि के जातक प्रेम-प्रसंग में सोच-समझकर कदम आगे बढ़ाएं और अपने से बड़ों की सलाह की अनदेखी करने से बचें.
उपाय: राम रक्षास्तोत्र का पाठ करें.