महावीर कैंसर हॉस्पिटल का 23वां "कैंसर सर्वाइवर डे" , उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बोले-कैंसर पर जीत के लिए मानसिक शांति भी जरूरी

जयपुर: महावीर कैंसर हॉस्पिटल का 23वां "कैंसर सर्वाइवर डे" पर महाराणा प्रताप ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने संबोधित किया.  उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि अर्ली डिटेक्शन कैंसर से बचाव की दिशा में अहम कड़ी है. केंद्र सरकार भी कैंसर के इलाज के लिए गंभीर है. 

ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसके इलाज के लिए ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है. उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि केंद्र सरकार ने डे-केयर सेंटर बढ़ाए हैं,450 से ज्यादा सेंटर पहले से ही ऑपरेशनल स्टेज में हैं. एंटी कैंसर दवाओं को भी आयुष्मान आरोग्य में जोड़ा जा रहा है. 'सर्वाइकल कैंसर पर उप राष्ट्रपति ने कहा कि कहा कि इस साल फरवरी से सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया गया है.

इस तरह के कदम बदलाव का आधार बनते हैं. उप राष्ट्रपति ने राज्य में हो रहे काम के लिए सीएम भजनलाल शर्मा को सराहा. इसके साथ ही चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर की भी तारीफ की. उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की बात का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि पेयजल की शुद्धता बहुत अहम है,कैंसर से बचाव के लिए साफ पेयजल जरूरी है. कैंसर पर जीत के लिए मानसिक शांति भी जरूरी है.