जयपुरः आज प्रान्तीय नल मजदूर यूनियन इंटक के नेतृत्व में जलदाय विभाग के जलभवन कार्यालय पर मुख्य अभियन्ता प्रशासन द्वारा जलदाय कर्मचारियों के विरोध-प्रदर्शन पर लगाए गए प्रतिबंधात्मक आदेश के विरोध में सैकड़ों जलदाय कर्मचारियों ने एकत्रित होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. कर्मचारियों ने प्रशासन के इस आदेश को कर्मचारी हितों एवं लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए इसे तुरंत प्रभाव से निरस्त करने की मांग की.
प्रदर्शन के दौरान संगठन द्वारा प्रशासन को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें जलदाय विभाग में शीघ्र नई भर्ती करने, कर्मचारियों के समर्पित अवकाश का भुगतान जल्द करवाने सहित अन्य कर्मचारी हितों से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाया गया.
इस अवसर पर जलदाय इंटक के प्रदेशाध्यक्ष संजय सिंह शेखावत, कार्यवाहक प्रदेशाध्यक्ष बाबूलाल शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह शेखावत एवं जिला अध्यक्ष ताराचंद सैनी ने कहा कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संगठन प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा.
कार्यक्रम के दौरान जयपुर के सैकड़ों जलदाय कर्मचारियों ने जलदाय इंटक की सदस्यता ग्रहण कर संगठन में विश्वास जताया. इस मौके पर *अजीत सिंह शेखावत को जलदाय यूथ इंटक का प्रदेशाध्यक्ष, शैलेश शर्मा को महामंत्री तथा विजय सिंह को जलदाय इंटक का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया. संगठन के संरक्षक जगदीश प्रसाद शर्मा एवं रामाशंकर गुर्जर व केदार शर्मा द्वारा नव नियुक्त पदाधिकारियों का माला एवं साफा पहनाकर सम्मान किया गया.