जयपुर: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रेस वार्ता की. पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा पर पलटवार किया. विधायकों की खरीद-फरोख्त और सत्ता के दुरुपयोग के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीजेपी ने कभी पावर का इस्तेमाल कर वोट हासिल करने की कोशिश नहीं की और न ही ऐसा करना चाहती है, यदि सत्ता और पावर का इस्तेमाल करना होता. तो एक वोट के लिए भी उसका उपयोग किया जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया.
मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए गहलोत के कार्यकाल और बसपा विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने का मुद्दा उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि बसपा विधायकों को मंत्री पद और अन्य लालच देकर कांग्रेस में शामिल कराया गया. राठौड़ ने इसे 'वोट चोरी' करार दिया और कहा-'यह एक बार नहीं, बल्कि दो बार हुआ.
एक तरफ कांग्रेस की ओर से बीजेपी पर सत्ता का इस्तेमाल कर वोट प्रभावित करने के आरोप लगाए जाते हैं. वहीं दूसरी ओर यह भी कहा जाता है कि बीजेपी और कांग्रेस के वोटों में बहुत कम अंतर था. उन्होंने सवाल उठाया-यदि सत्ता का दुरुपयोग हुआ होता तो चुनावी नतीजों में उसका प्रभाव दिखाई देता. उन्होंने ऐसे आरोपों को जनता और जनादेश का अपमान बताया और कहा कि इस तरह की बातें करना उचित नहीं है.