चेन्नई में DRI का बड़ा एक्शन, 700 करोड़ की 71.24 किलो हेरोइन जब्त; अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़

नई दिल्ली: देश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने चेन्नई में 71.24 किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप जब्त की है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस हेरोइन की कीमत करीब 700 करोड़ रुपये आंकी गई है. कार्रवाई के दौरान DRI ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है.

जानकारी के अनुसार, हेरोइन की यह खेप तिरुचिरापल्ली के रास्ते श्रीलंका भेजी जानी थी. DRI की टीम को तस्करी से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद संदिग्ध वाहनों पर नजर रखी जा रही थी. इसी दौरान अधिकारियों ने एक संदिग्ध कार और उसे एस्कॉर्ट कर रहे दोपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली.

69 पैकेटों में छिपाकर रखी थी हेरोइन:
वाहनों की तलाशी के दौरान अधिकारियों को 69 पैकेट मिले, जिनमें कुल 71.24 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई. इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिलने के बाद DRI ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तस्करी का नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय था और बरामद हेरोइन को श्रीलंका पहुंचाने की योजना थी. DRI अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, तस्करी के स्रोत और इसके अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी है.

700 करोड़ की खेप जब्त होने से तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका:
करीब 700 करोड़ रुपये की अंतरराष्ट्रीय कीमत वाली हेरोइन की बरामदगी को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क के तार किन-किन देशों और तस्करों से जुड़े हैं.

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें