299 साल का जवान जयपुर! विरासत की नींव पर आधुनिकता की उड़ान, 300वें साल में प्रवेश को तैयार गुलाबी नगरी

जयपुर: तीन सदियों का सफर... बदलते दौर, बदलती तस्वीर और हर नए दशक के साथ निखरती पहचान. कभी परकोटे की चारदीवारी में सिमटा जयपुर आज आधुनिक इमारतों, मेट्रो, चौड़ी सड़कों और नए शहरी विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है. खास बात यह है कि 299 साल का हो चुका गुलाबी नगर उम्र के साथ  लगातार जवान हो रहा है. साल 2027 में जयपुर अपने स्थापना के 300 साल पूरे करने जा रहा है. यह सफर सिर्फ एक शहर के विस्तार की कहानी नहीं, बल्कि दूरदर्शी नगर नियोजन, ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक विकास के अद्भुत संगम की मिसाल है.

1727 में रखी गई सुनियोजित शहर की नींव:
जयपुर की स्थापना 1727 में महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने की थी. उस दौर में ही शहर के निर्माण के लिए जिस सुनियोजित सोच और दूरदर्शिता का परिचय दिया गया, उसने जयपुर को देश के दूसरे शहरों से अलग पहचान दी. चौड़ी सड़कें, व्यवस्थित बाजार, एक जैसी वास्तुकला और योजनाबद्ध बसावट उस समय की नगर नियोजन क्षमता का प्रमाण बने. करीब 300 साल पहले ही जयपुर में आधुनिक स्मार्ट सिटी जैसी अवधारणा की झलक दिखाई देने लगी थी.

हर धरोहर ने जोड़ा इतिहास का नया अध्याय:
जयपुर का इतिहास यहां की इमारतों और स्मारकों में आज भी जीवंत है. 1734 में जंतर-मंतर के निर्माण ने खगोल विज्ञान के क्षेत्र में शहर को वैश्विक पहचान दिलाई. 1799 में बना हवा महल अपनी अनूठी वास्तुकला के कारण दुनिया भर के पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना. 1876 में प्रिंस ऑफ वेल्स के स्वागत में शहर को गुलाबी रंग से रंगा गया और तभी से जयपुर को गुलाबी नगरी के रूप में नई पहचान मिली. इसके बाद 1887 में अल्बर्ट हॉल जैसी ऐतिहासिक धरोहरों ने शहर की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए.

राजधानी बनने के बाद विकास ने पकड़ी रफ्तार:
1949 में राजस्थान की राजधानी बनने के बाद जयपुर के विकास को नई दिशा मिली. शिक्षा, व्यापार, पर्यटन, चिकित्सा और प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार होने लगा. शहर की सीमाएं परकोटे से बाहर निकलीं और नए आवासीय तथा व्यावसायिक क्षेत्र विकसित हुए. समय के साथ जयपुर प्रदेश के प्रमुख आर्थिक, शैक्षणिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित होता गया.

मेट्रो से स्मार्ट सिटी तक बदली शहर की तस्वीर:
1982 से लेकर 2006, 2015, 2016 और 2019 तक जयपुर ने विकास के कई अहम पड़ाव पार किए. आधुनिक परिवहन, जयपुर मेट्रो, सड़क नेटवर्क, फ्लाईओवर, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और शहरी सुविधाओं ने शहर की तस्वीर बदलने में बड़ी भूमिका निभाई. 

बाजारों में धड़कती है गुलाबी नगरी की जान:
जयपुर की पहचान सिर्फ ऐतिहासिक इमारतों तक सीमित नहीं है. यहां के बाजार भी शहर की सांस्कृतिक और आर्थिक धड़कन हैं. जौहरी बाजार, बापू बाजार, किशनपोल, त्रिपोलिया और चांदपोल जैसे बाजार अपनी अलग पहचान और परंपराओं के लिए मशहूर हैं. 

2036 के विजन के साथ भविष्य की तैयारी:
अब जयपुर की विकास यात्रा का अगला बड़ा पड़ाव 2036 का विजन है. भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शहर के विस्तार, बेहतर परिवहन, आधारभूत सुविधाओं और सैटेलाइट टाउन के विकास की योजनाओं पर जोर दिया जा रहा है. 

300 साल की दहलीज पर खड़ा गुलाबी नगर:
2027 में जयपुर अपनी स्थापना के 300 साल पूरे करेगा. तीन सदियों में इस शहर ने राजशाही से लोकतंत्र, पारंपरिक कारोबार से आधुनिक अर्थव्यवस्था और ऐतिहासिक बसावट से महानगरीय विस्तार तक का सफर तय किया है.

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें