सरकारी कर्मचारियों के लिए सेवा नियमों में बड़े बदलाव, अब महिला कर्मचारी भी बन सकती है सरोगेट मदर

जयपुर: सरकारी कर्मचारियों के लिए सेवा नियमों में बड़े बदलाव हुए हैं. राज्य सरकार ने सेवा नियमों में संशोधन किया है. वित्त विभाग ने राजस्थान सेवा नियम, 1951 में संशोधन की अधिसूचना जारी की है. संशोधित नियम तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं. प्रशिक्षण के बाद तय अवधि से पहले नौकरी छोड़ने पर सरकार को प्रशिक्षण पर खर्च राशि लौटानी होगी.

3 से 6 महीने के प्रशिक्षण पर 1 साल और 6 महीने से अधिक प्रशिक्षण पर 2 साल राज्य सेवा का बॉन्ड होगा. केंद्र/अन्य राज्य सरकार या पात्र सार्वजनिक उपक्रम में जाने वाले कर्मचारियों के लिए नए नियोक्ता के साथ नया बॉन्ड लेने का प्रावधान किया गया है. सेवा में आने से पहले दूसरी सरकारी/सार्वजनिक संस्था में नौकरी के लिए आवेदन करने वालों को एक महीने के भीतर सरकार को सूचना देनी होगी. नियम 22-B को समाप्त किया गया है.

राज्य सरकार की महिला कर्मचारी भी सरोगेट मदर बन सकती है. राजस्थान सरकार ने पहली बार नियमों में सरोगेट मातृत्व अवकाश का स्पष्ट प्रावधान किया है. सरोगेट मां को 180 दिन और कमीशनिंग मां को 90 दिन तक मातृत्व अवकाश मिलेगा. सरोगेसी अवकाश अवकाश खाते से नहीं काटा जाएगा, सेवा पुस्तिका में अलग से दर्ज होगा. सरोगेट मां के लिए 25 से 35 वर्ष उम्र और अपना एक बच्चा होने की शर्त है. कमीशनिंग मां की उम्र 23 से 50 वर्ष निर्धारित है. सरोगेसी से जुड़े मामलों में सरोगेसी (विनियमन) अधिनियम, 2021 के प्रावधान लागू होंगे.