जयपुरः निकाय-पंचायत चुनाव की जंग के चलते सूबे में ओबीसी आरक्षण को लेकर सियासत तेज हो गई है. हालांकि सरकार ने अभी ओबीसी आयोग की रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया है. लेकिन कांग्रेस का दावा कि आयोग की रिपोर्ट लीक हो चुकी है और मीडिया में लगातार आंकड़े सामने आ रहे है. गोविंद डोटासरा का आरोप है कि ओबीसी आरक्षण को कम करने और जातियों को आपस में लड़ाने की साजिश को अंजाम दिया जा रहा है.
जल्द राजस्थान में निकाय औऱ पंचायत चुनाव की रणभेरी बजने वाली है. उससे पहले ओबीसी आयोग सरकार को अपनी रिपोर्ट पेश कर चुका है. सरकार को रिपोर्ट देते ही ओबीसी आरक्षण पर घमासान भी शुरु हो गया है. मीडिया में रिपोर्ट के आ रहे आंकड़ों को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरना शुरु कर दिया है. पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा ने कहा कि जब रिपोर्ट सार्वजनिक ही नहीं हुई तो फिर ये ओबीसी जातियों के आंकड़े कहां से आ रहे है. इसका मतलब रिपोर्ट तो लीक हो गई है. डोटासरा ने दावा किया कि संघ औऱ सरकार के इशारे पर ओबीसी आरक्षण को घटाने और जातियों को आपस में लड़ाने की साजिश की जा रही है.
कांग्रेस का दावा है कि हमारे पास इस बात के पुख्ता सबूत है कि कुछ जगह ओबीसी के 21 प्रतिशत के आरक्षण को कम करके 5 फीसदी तक सीमित किया जा सकता है. कांग्रेस का कहना है कि किसी भी सूरत में ओबीसी आरक्षण के साथ छेड़छाड़ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगा. कांग्रेस ने कहा कि अगर ओबीसी जातियों के हक को छिनने की कोशिश की गई तो सदन से लेकर सड़क तक जोरदार विरोध किया जाएगा. कांग्रेस ने सरकार से तत्काल प्रभाव से ओबीसी आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है.
कांग्रेस ने ओबीसी आरक्षण घटाने की आशंका के बीच बैठकों का दौर भी शुरु कर दिया है. इसको लेकर आज पीसीसी में ओबीसी विभाग की एक अहम बैठक भी हुई. जिसमें इस मसले पर विस्तार से मंथन किया. दिग्गज नेताओं ने बैठक में सरकार की ओबीसी जातियों को आपस में लड़ाने और बांटने की राजनीति से दूर रहने की अपील भी की गई. कांग्रेस जल्द अब आयोग की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग को लेकर बड़ा मूवमेंट चला सकती है.
ओबीसी आयोग की रिपोर्ट को लेकर सियासी घमासान
कांग्रेस ने की रिपोर्ट को जल्द सार्वजनिक करने की मांग
गोविंद डोटासरा ने ओबीसी आरक्षण कम करने का किया दावा
कहा-जातियों को आपस में लड़ाने की हो रही है साजिश
ओबीसी आरक्षण से छेड़छाड़ होने पर सदन से लेकर सड़क तक करेंगे विरोध