झालावाड़ः झालावाड़ में कालीसिंध बांध के 13 गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू कर दी गई है. लेकिन जैसे ही बांध के गेट खुले तो पानी ने रौद्र रूप दिखा दिया. कालीसिंध बांध से 2 लाख 5 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. 48 मीटर तक गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है.
बांध के गेट खुलने के बाद प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाई है. सायरन बजाकर आसपास के लोगों को लगातार आगाह किया जा रहा है. प्रशासन की अपील है कि नदी, नालों और डेमों के किनारे नहीं जाएं. कालीसिंध और आहू नदी की पुलियाओं पर 6 फीट से ज्यादा पानी है.
तेज जलप्रवाह के चलते गागरोन क्षेत्र के एक दर्जन गांवों का संपर्क कट गया है. ऐसे में गागरोन दरगाह पर आए दो दर्जन से अधिक लोग पानी में फंसे हुए है. बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की निगरानी जारी है. नदी-नालों के तेज बहाव से दूर रहने की प्रशासन ने हिदायत दी है.