जयपुरः राजस्थान पुलिस ने वर्ष 2026 के लिए अपनी प्राथमिकताएँ तय कर ली हैं. पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया है कि आगामी वर्ष में पुलिस की कार्यप्रणाली का केंद्र बिंदु जन-सुरक्षा, प्रभावी अपराध नियंत्रण और जनता के विश्वास को मजबूत करना रहेगा. इसके लिए पुलिस तंत्र को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और तकनीक-सक्षम बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा.
डीजीपी शर्मा ने कहा कि बदलते सामाजिक और तकनीकी परिदृश्य को देखते हुए पुलिस को नई चुनौतियों के अनुरूप खुद को लगातार अपडेट करना होगा. वर्ष 2026 में राजस्थान पुलिस का लक्ष्य न केवल अपराधों पर नियंत्रण करना होगा, बल्कि आम नागरिक को सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण प्रदान करना भी होगा.अपराध संबंधी प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए डीजीपी ने बताया कि संगठित अपराध के खिलाफ सख्त और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी. अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने और उनकी आर्थिक गतिविधियों पर प्रहार करने के लिए विशेष रणनीति अपनाई जाएगी. महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम राजस्थान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी. ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके.उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को भी विशेष महत्व दिया जाएगा. दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन, जागरूकता अभियान और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर बल दिया जाएगा. वहीं, साइबर अपराधों में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए साइबर अपराधों की रोकथाम, डिजिटल साक्ष्यों के वैज्ञानिक विश्लेषण और तकनीकी रूप से सक्षम अनुसंधान को प्राथमिकता दी जाएगी.
प्रशासनिक स्तर पर डीजीपी शर्मा ने बताया कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने के लिए जनसहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा. सामुदायिक पुलिसिंग, संवाद कार्यक्रमों और पारदर्शी कार्यप्रणाली के माध्यम से पुलिस-जन संबंधों को नई मजबूती दी जाएगी. आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग से पुलिस की कार्यकुशलता और जवाबदेही बढ़ाने पर भी जोर रहेगा.इसके साथ ही पुलिस कार्मिकों की कार्यदशा, कल्याण और दक्षता में सुधार को भी वर्ष 2026 की अहम प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है. प्रशिक्षण, संसाधनों की उपलब्धता और मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. पुलिस परिसरों में सामुदायिक सेवाओं को प्रोत्साहित कर समाज के साथ पुलिस की सहभागिता को नई दिशा देने की योजना भी बनाई गई है.डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2026 में इन सभी प्राथमिकताओं के प्रभावी क्रियान्वयन से राजस्थान पुलिस और अधिक जनहितकारी, सक्षम और उत्तरदायी बनेगी. इससे राज्य में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना और मजबूत होगी.