VIDEO: पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के लिए बड़ी पहल, जयपुर डेयरी में लगाया गया राजस्थान का पहला ZLD संयंत्र, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: जयपुर डेयरी ने पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के लिए बड़ी पहल की है.  जयपुर डेयरी में राजस्थान का पहला ज़ीरो लिक्विड डिस्चार्ज (ZLD) संयंत्र सफलतापूर्वक स्थापित किया गया है. जयपुर डेयरी में लगाए गए इस संयंत्र को नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) के तकनीकी परामर्श से 20 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है. यह संयंत्र जल संसाधनों के कुशल प्रबंधन और पर्यावरण सुरक्षा के लिए एक मिसाल है. जयपुर डेयरी प्रतिदिन 12 लाख लीटर दूध का प्रसंस्करण करती है, जिसके लिए प्रतिदिन 15-19 लाख लीटर पानी की आवश्यकता होती है. 

प्रसंस्करण के बाद निकलने वाले पानी को पहले से मौजूद ईटीपी (एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) के माध्यम से उपचारित किया जाता है. अब इस नए ZLD संयंत्र की मदद से इस ट्रीटेड पानी को तीन चरणों में उपचारित कर डेयरी के बॉयलर और रेफ्रिजरेशन जैसे कार्यों में पुन: उपयोग में लिया जाएगा. यह अत्याधुनिक तकनीक हर दिन 6.5 लाख लीटर (प्रतिवर्ष 24 करोड़ लीटर) पानी बचाने में सहायक होगी. यह संयंत्र न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि जयपुर डेयरी को वित्तीय रूप से भी फायदा होगा.इस संयंत्र के माध्यम से डेयरी को प्रति किलोलीटर 55-60 रुपये की बचत होगी, जिससे वार्षिक स्तर पर लगभग 1.3 करोड़ रुपये का वित्तीय लाभ होगा. इसके अतिरिक्त, जयपुर शहर की बढ़ती जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए यह संयंत्र 2 लाख लोगों के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद करेगा.

आरसीडीएफ की प्रशासक एवं प्रबंध संचालक श्रुति भारद्वाज ने बताया की ZLD संयंत्र न केवल भूजल पर निर्भरता को कम करेगा, बल्कि जल प्रदूषण को भी नियंत्रित करेगा. इस पहल से जयपुर डेयरी ने एक पर्यावरण-संवेदनशील संस्था के रूप में अपनी पहचान को और भी मजबूत किया है. यह परियोजना पर्यावरणीय और आर्थिक दृष्टिकोण से एक महत्वपूर्ण प्रयोग है. जयपुर डेयरी की यह पहल जल संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में राज्य के लिए आदर्श साबित होगी.

जयपुर डेयरी द्वारा जो संयंत्र बनाया गया है. वह जल संरक्षण एवं पर्यावरण की दृष्टि से एक आदर्श मॉडल साबित होगा. इसकी सफलता को देखते हुए अन्य जिला संघ में भी संयंत्र स्थापित किया जाएगा जयपुर डेयरी की यह पहल मुख्यमंत्री के जल संरक्षण अभियान को आगे ले जाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी जयपुर डेयरी के प्रबंध संचालक मनीष फौजदार ने बताया कि यह संयंत्र सिर्फ राजस्थान के सहकारिता क्षेत्र में हीं नहीं बल्कि भारत के डेयरी क्षेत्र में एक अभिनव पहल है. प्रतिदिन 5 से 6 लाख लीटर पानी की बचत से न केवल राजस्व का लाभ होगा बल्कि जयपुर डेयरी को आर्थिक मोर्चे पर भी मजबूती मिलेगी.