रामनवमी पर रामलला का सूर्य तिलक, राम मंदिर में श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

रामनवमी पर रामलला का सूर्य तिलक, राम मंदिर में श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

अयोध्या : राम नवमी पर अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के माथे पर सूर्य तिलक लगाया गया. इस अवसर पर राम मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा. सूर्य की किरणों से रामलला का अभिषेक किया गया. दोपहर ठीक 12 बजे सूर्य की किरणें राम लला की मूर्ति के माथे पर पड़ी, जिससे एक दिव्य तिलक बना.

भगवान राम का यह दूसरा सूर्य तिलक है, जिसमें करीब 4 मिनट तक सूर्य की नीली किरणें उनके ललाट पर पड़ती रहीं. इस अलौकिक दृश्य को साकार करने के लिए बेंगलुरु के वैज्ञानिकों ने विशेष उपकरणों का निर्माण किया था.

इस अलौकिक क्षण में भगवान के प्राकट्य की आरती हुई. सूर्य तिलक के साथ-साथ रामलला का अभिषेक, श्रृंगार और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण किया गया. ताकि देश-दुनिया के भक्त इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन सकें. 

बता दें कि आज रामनवमी पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन के समय में विस्तार किया गया है. श्रद्धालु सुबह 5 बजे से लेकर रात 11 बजे तक रामलला के दर्शन कर सकेंगे. ऐसे में सुरक्ष के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा तैनात की गई है.