जयपुर : सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह आयोजित किया गया. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली सम्बोधित करते हुए कहा कि भारत के युवाओं ने हर क्षेत्र में परचम लहराया है. सांसद खेल महोत्सव में 290 से ज्यादा सांसदों की भागीदारी है. आयोजन में 1 करोड़ से अधिक युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया.
पीएम मोदी ने कहा कि खेल का स्केल जितना बड़ा होगा, उतना ही बड़ा उसका इंपेक्ट होगा. शहरों से लेकर गांवों तक, हर बैकग्राउंड के युवा इसमें शामिल हैं. यह दिखाता है कि इसका पैमाना कितना बड़ा है. काशी से सांसद होने के नाते, मैं अपने संसदीय क्षेत्र में इस खेल आयोजन से करीब से जुड़ा रहा हूं. मुझे यह देखकर खुशी होती है कि युवाओं ने इसके ज़रिए नए मील के पत्थर स्थापित किए हैं.
सांसद खेल महोत्सव युवा निर्माण से राष्ट्रीय निर्माण का मजबूत स्तंभ बना. दूर-दराज और छोटे गांवों से नई खेल प्रतिभाएं उभरकर सामने आई. खेल को समय की बर्बादी समझने की सोच में बड़ा बदलाव आया. अब चयन पहचान नहीं, प्रतिभा के आधार पर हो रहा है.
2014 से पहले खेल बजट 1200 करोड़ था और अब 3000 करोड़ से भी ज्यादा है. आने वाले सालों में भारत बड़े खेल इवेंट्स की मेज़बानी करने जा रहा है. 2030 में, भारत अहमदाबाद में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेज़बानी करेगा. 2036 में भारत सबसे बड़े खेल इवेंट, ओलंपिक की मेज़बानी करने की भी कोशिश कर रहा है. जो युवा आज 10 या 12 साल के हैं, वे 2036 के ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.