जयपुर : देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि मुझे खुशी है वरिष्ठ नागरिक आज यात्रा के लिए रवाना हो रहे हैं. अधिकांश यात्री ऐसे जिनके मन में यात्रा की कल्पना थी लेकिन अभी तक पूरी नहीं हुई.
हमने बुजुर्गों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए वातानुकूलित ट्रेन से यात्रा की सौगात दी. हम चाहते हैं प्रदेश में कोई वरिष्ठ नागरिक बिना यात्रा के नहीं रहे. सभी ज्योतिर्लिंगों में प्रथम पूज्य सोमनाथ द्वारकाधीश के दर्शन होंगे. कई विदेशी आक्रांताओं ने सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण किया. लेकिन हमारी संस्कृति कभी मिट नहीं सकती.
जीर्णोद्धार के बाद सोमनाथ ज्योतिर्लिंग का मंदिर और भव्य बनाया गया. जीर्णोद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री ने सोमनाथ स्वाभिमान का आह्वान किया. हमारे 1 हजार वरिष्ठ नागरिक सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगे. हमारी सरकार ने 1 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा कराई.
12 हजार यात्रियों को हवाई यात्रा और 90 हजार से अधिक यात्रियों को ट्रेन के माध्यम से यात्रा का तोहफा मिला. देवस्थान विभाग के माध्यम से मंदिरों के जीर्णोद्धार का कार्य भी हमारी सरकार की प्राथमिकता है.