देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली. रविवार को हुई बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई. कई इलाकों में बर्फबारी से ठंड फिर से लौट आई. उत्तराखंड के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंडक बढ़ गई है. मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को कई जिलों में गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की संभावना है. आपको बता दें कि उत्तराखंड के चमोली जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में रविवार रात से भारी बर्फबारी जारी है.
श्री बद्रीनाथ धाम में मंदिर परिसर के आसपास, नीलकंठ पर्वत और नारायण पर्वत सहित भारी बर्फबारी दर्ज की गई है. बर्फबारी के कारण पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. उत्तरकाशी जिले में कल रात हुई बर्फबारी के बाद, खरसाली मंदिर के चारों ओर बर्फ की सफेद चादर देखी जा सकती है.