जयपुरः रणथंभौर में आज रोमांचित करने वाला दृश्य देखने को मिला. बाघिन T- 111 'शक्ति' के शिकार कौशल के आगे युवा मगरमच्छ ढेर हो गया. सुबह की पारी में इस रोंगटे खड़े करने वाले इस दृश्य को देख पर्यटक रोमांचित हुए. वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर विजय सिंह मीणा ने इस दृश्य को अपने कैमरे में कैद किया. जोन-4 में बाघिन शक्ति द्वारा सुसाइड पॉइंट के पास मगरमच्छ का शिकार किया गया.
बाघिन शक्ति जामुन देह क्षेत्र में शिकार को चट्टान पर खींचकर ले गई थी. जहां शक्ति के दोनों शावकों ने मगरमच्छ को खोलने का नाकाम प्रयास किया. छोटे शावकों के केनाइन विकसित नहीं होने से शिकार खोलना संभव नहीं हुआ. शक्ति मशहूर बाघिन मछली की नातिन और कृष्णा की बेटी है. इस दुर्लभ घटना ने वन्यजीव व्यवहार की अनूठी झलक प्रस्तुत की.