जयपुर: राजस्थान में जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की कवायद जारी है. वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान का कल से आगाज होगा. सीएम भजनलाल शर्मा बीसलपुर बांध पर जल पूजन के साथ शुभारंभ करेंगे. बीसलपुर बांध स्थित शिव मंदिर में अभिषेक के साथ अभियान का आगाज करेंगे.
कल गंगा दशमी शुरू होकर 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस तक अभियान चलेगा. मुख्यमंत्री इसी दिन ईसरदा, बंध बरेठा और गालवा बांध का हवाई सर्वेक्षण करेंगे. शाम को भरतपुर के गंगा माता मंदिर में आरती, सुजानगंगा नहर में दीपदान करेंगे. तालाबों, बावड़ियों और नहरों की सफाई का जनसहभागिता अभियान चलेगा.
समाज के हर वर्ग को जल संरक्षण की जिम्मेदारी से जोड़ते हुए पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक संगठनों, उद्योगपतियों, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी तय होगी. प्रदेशभर में 25 मई को ही गांवों और शहरों में कुओं, तालाबों, बावड़ियों, नहरों पर पूजन, श्रमदान, सफाई अभियान और दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम होंगे. विद्यार्थियों के लिए प्रभात फेरियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी.
जबकि राजीविका समूहों की महिलाएं इसको लेकर कलश यात्राएं निकालेगी. वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान का 5 जून को जिला स्तर पर समापन समारोह होगा. जल संरक्षण और जनभागीदारी में बेहतर काम करने वाले भामाशाहों, पंचायतों, संस्थाओं और जल योद्धाओं को 'जल गौरव सम्मान' प्रदान किया जाएगा.