नई दिल्ली : बंगाल से लेकर राजस्थान तक ट्रेनों में आग कौन लगा रहा है इसको लेकर भारतीय रेलवे ने बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है. रेलवे को इसके पीछे बहुत बड़ी साजिश की गहरी आशंका जताई है. रेलवे ने इन हादसों को महज इत्तेफाक या तकनीकी खराबी नहीं माना है.
इन सभी हादसों के पीछे 'असामाजिक तत्वों' की संलिप्तता की ओर इशारा किया है. हावड़ा, कोटा और रतलाम हादसों की RPF जांच कर रही है. इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियों और रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया है. रेलवे प्रशासन ने 4 अलग-अलग जगहों पर हुई घटनाओं का जिक्र किया है.
इनमें राजस्थान के अमरपुरा (ब्यावर) और कोटा में सामने आई घटनाएं शामिल हैं. बिहार के सासाराम और बंगाल के हावड़ा में ट्रेनों में भड़की आग ने शक को पुख्ता किया. अमरपुरा में ट्रेन के बेडरोल (कंबल-चादर) में आग लगाने की कोशिश की गई. वहीं हावड़ा की घटना में कोच के बाथरूम से पेट्रोल से सना हुआ कपड़ा बरामद हुआ है.