VIDEO: यूथ कांग्रेस संगठन चुनाव का बजा बिगुल, प्रदेश अध्यक्ष पद के 30 प्रत्याशियों की परफॉर्मर्स सूची जारी, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: आखिरकार लंबी मशक्कत के बाद यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की परफॉर्मर्स सूची जारी हो गई है. इंटरव्यू और 100 ब्लॉक अध्यक्ष के नामांकन की शर्त पूरी करने के बाद 30 प्रत्याशियों की फाइनल सूची जारी की गई है. सूची में ओबीसी वर्ग से सबसे ज्यादा 9 उम्मीदवार है,वहीं आधी आबादी महिलाओं को भी तवज्जो दी गई है.

राजस्थान में यूथ कांग्रेस संगठन के चलते सियासत परवान पर है. नामांकन शुरु होने के आखिर चौथे दिन प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की सूची जारी की गई. प्रदेश अध्यक्ष के प्रत्याशी तय करने के लिए पिछले दिनों 35 दावेदारों को इंटरव्यू के लिए दिल्ली बुलाया गया था. उसके बाद 30 नामों की फाइनल परफॉर्मर्स सूची जारी की गई. सूची में जातिगत,सियासी और क्षेत्रीय समीकरणों का पूरा ख्याल रखा गया है. अधिकतर सूची में उन्हीं नामों को शामिल किया गया है जो संगठन में लगातार सक्रिय है.

राजस्थान यूथ कांग्रेस संगठन चुनाव
-प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए 30 प्रत्याशियों की परफॉर्मर्स सूची जारी
-लंबी मशक्कत के बाद नामांकन के चौथे दिन हुई घोषणा
-सूची में सोशल इंजीनियरिंग और सियासी समीकरणों का रखा ख्याल
-सबसे ज्यादा ओबीसी वर्ग से होंगे 9 उम्मीदवार
-सामान्य औऱ एसटी वर्ग से बनाए 5-5 प्रत्याशी
-अल्पसंख्यक वर्ग से 6,एससी के चार और एक दिव्यांग को बनाया उम्मीदवार
-9 महिलाओं को बनाया गया लिस्ट में प्रत्याशी
-करीब 35 दावेदारों ने दिए थे प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए इंटरव्यू
-इस बार दावेदार के लिए 100 ब्लॉक अध्यक्ष नामांकन की रखी अनिवार्यता

प्रत्याशियों की सूची देरी से होने के चलते संगठन ने अब नामांकन की आखिरी तारीख बढा दी है. अब ये प्रत्याशी 1 अप्रैल को शाम पांच बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. उसके बाद आपत्तियां ली जाएगी औऱ उनका निपटारा किया जाएगी. वहीं नामांकन के पहले दिन कईं चर्चाओं में चल रहे दो दिग्गजों ने अपना नॉमिनेशन दाखिल किया. वहीं चुनाव को लेकर कांग्रेस के दिग्गज नेता भी पर्दे के पीछे से समीकरण बैठाने में जुट चुके हैं. नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद अगले माह से ऑनलाइन मेंबरशिप शुरु होगी. बताया जा रहा है कि 20 अप्रैल से सदस्यता अभियान शुरु हो सकता है जो करीब एक माह तक चलेगा.

यूथ कांग्रेस संगठन चुनाव में इस बार मेंबरशिप का आंकड़ा प्रदेशभर में करीब 24 लाख सदस्यों तक पहुंच सकता है. एक मेंबरशिप के 75 रुपए के हिसाब से यह करोड़ो रुपए का चुनाव होगा. मेंबरशिप समाप्त होने के करीब 3 माह बाद रिजल्ट जारी किया जाएगा. टॉप थ्री वोट लेने वाले प्रत्याशियों का पहले वन टू वन इंटरव्यू भी दिल्ली में होगा. कुल मिलाकर अब अगले कईं दिनों तक कांग्रेस खेमें संगठन चुनाव के चलते सियासी पारा हाई रहेगा. अब देखते है कि मेंबरशिप औऱ मैनेजमेंट फैक्टर को साधते हुए कौन नया प्रदेश अध्यक्ष बनता है.