विश्व कैंसर दिवस को लेकर राज्य स्तरीय कार्यक्रम, दिल को छू गया कैंसर वॉरियर्स का जज्बा, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में राज्य स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. “क्लोज द केयर गैप” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में कैंसर वॉरियर्स ने अलग - अलग प्रस्तुतियां दी, साथ ही कैंसर से जीतने की दास्तां सुनाकर अन्य मरीजों को जीने की उम्मीद जगाई. कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में RUHS के वाइस चांसलर प्रो. प्रमोद येवले ने कैंसर इंस्टीट्यूट के पिछले छह साल के सफर पर प्रकाश डाला और उम्मीद जताई कि जल्द ही ये संस्थान एक छत के नीचे सभी तरह के कैंसर ट्रीटमेंट का हब बने.

स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट के मुख्य प्रागण में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि RUHS के वाइस चांसलर प्रो. प्रमोद येवले ने कहा कि राजस्थान का ये पहला सरकारी संस्थान है, जहां सभी तरह के कैंसर का अत्याधुनिक तकनीकी से निशुल्क इलाज हो रहा है. ये हम सभी के लिए गर्व की बात है. कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के रूप में SMS मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, RUHS रजिस्ट्रार हरफूल पंकज, RUHS प्राचार्य डॉ. विनोद जोशी, स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट के अधीक्षक डॉ. संदीप जसूजा, सीनियर प्रोफेसर डॉ. शांतनु शर्मा, डॉ. रामेश्वरम एवं सुरेश सिंह उपस्थित रहे. इस अवसर पर ‘कैंसर वॉरियर्स’ ने साइकिलिंग, नुक्कड़ नाटक और प्रेरक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया. साइकिलिंग के जरिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित व्यायाम का संदेश दिया गया, जबकि नुक्कड़ नाटक में कैंसर के शुरुआती लक्षण, समय पर जांच और इलाज की अहमियत को प्रभावशाली तरीके से दर्शाया गया. इस दौरान अतिथियों ने कहा कि कैंसर से डरने की नहीं, बल्कि सही जानकारी और समय पर उपचार लेने की जरूरत है. 

2 कार्यक्रम के बाद स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट के  पिछले पांच-छह साल के सफर, उपलब्धि और आगामी प्लानिंग को लेकर चिकित्सकों की पूरी टीम से खास बातचीत की हमारे एसोसिएट एडिटर विकास शर्मा ने.