जोधपुर: बालोतरा में नेशनल हाईवे-25 पर सरवड़ी गांव के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब एक स्लीपर बस ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का ड्राइवर साइड हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
मृतकों के शव बालोतरा के नाहटा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं. गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तुरंत जोधपुर रेफर किया गया, जहां उन्हें मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल प्रशासन ने घायलों के पहुंचने से पहले ही इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया था. अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित स्वयं व्यवस्थाओं की कमान संभाले हुए हैं और अनुभवी डॉक्टरों की टीम घायलों का उपचार कर रही है.
चार गंभीर घायलों में से एक की हालत अत्यधिक नाजुक बताई जा रही है, जबकि अन्य तीन की स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर है. हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने अस्पताल पहुंचकर फीडबैक लिया और उपचार व्यवस्थाओं की जानकारी ली. पुलिस अधिकारियों ने भी पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
अस्पताल में अतिरिक्त डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की तैनाती की गई है तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल लगाया गया है. इस दुखद हादसे के बाद रक्तदाताओं और समाजसेवियों ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों की मदद के लिए सहयोग शुरू कर दिया है.