जयपुर: निकाय और पंचायत चुनाव की जंग जीतने के लिए कांग्रेस ने अब तैयारियां तेज कर दी है. चुनावी तैयारियों में अब अग्रिम संगठन भी जुट गए हैं. यूथ कांग्रेस ने इन चुनावों के लिए एक पंचायत टास्क फोर्स का गठन किया है. संगठन ने इस मिशन का आगाज सबसे पहले राजस्थान से किया है. यह टास्क फोर्स चुनाव से पहले जेन जी और यूथ को कांग्रेस से जोड़ने का काम करेगी.
दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुए जेन जी प्रोटेस्ट के बाद तमाम सियासी दलों की नजरें अब यूथ वोट बैंक पर है. युवा मतदाताओं को लुभाने के लिए कांग्रेस के अग्रिम संगठन यूथ कांग्रेस ने देशभर में पंचायत टास्क फोर्स गठन करने का फैसला लिया है. खास बात है कि इस अभियान का आगाज सबसे पहले राजस्थान से किया गया है. पीसीसी वॉर रूम में गोविंद डोटासरा और टीकाराम जूली ने इस अभियान को आज लॉन्च किया. अभियान के तहत निकाय-पंचायत चुनाव से पहले युवाओं को ज्यादा से ज्यादा कांग्रेस पार्टी से जोड़ने के मिशन को अंजाम दिया जाएगा
जेन जी आंदोलन के बाद सियासी दलों ने बदली रणनीति
-कांग्रेस का भी अब खास फोकस रहेगा यूथ वोट बैंक पर
-निकाय-पंचायत चुनाव से पहले युवा वोटर्स को जोड़ा जाएगा कांग्रेस से
-यूथ कांग्रेस ने इसके लिए पंचायत टास्क फोर्स का किया गठन
-राजस्थान से संगठन ने अपने अभियान को किया सबसे पहले लॉन्च
-39 साल से कम आयु के युवाओं को जोड़ेंगे कांग्रेस पार्टी से
-इसके लिए पूरे राजस्थान में लगाए गए कॉर्डिनेटर
-चुनाव लड़ने के इच्छुक युवा नेताओं के लिए टिकट भी करेंगे पैरवी
-कांग्रेस इस बार 50 फीसदी टिकट देगी 50 साल से कम आयु वालों को
अभियान के तहत ब्लॉक औऱ पंचायत लेवल पर जाकर कोऑर्डिनेटर ट्रेनिंग देंगे. टास्क फोर्स 39 साल से कम आय़ु वाले युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने के लिए मोटिवेट करेगी. इसके लिए फोर्स कांग्रेस के इतिहास,विचारधारा और देश में उसके योगदान के बारे में युवाओं को बताएगी. उन युवाओं को इस अभियान के तहत टार्गेट किया जाएगा जो अब तक कांग्रेस से दूर रहे है. अगर वो चुनाव लड़ने के इच्छुक है तो टिकट के लिए भी उनकी पैरवी की जाएगी. हालांकि प्रदेश अध्यक्ष गोविंद डोटासरा ने कहा कि टिकटों का वितरण किसी की सिफारिश से नहीं होगा. यूथ कांग्रेस का दावेदारों का चयन टिकट की गारंटी बिल्कुल नहीं होगा. टिकट का अंतिम फैसला तो पार्टी ही करेगी.
जानकारों के मुताबिक यह बात सही है कि जेन जी के आंदोलन के बाद सियासी परिस्थितियों में काफी बदलाव हो रहा है. ऐसे में राजनीतिक दलों को अब अपनी चुनाव लड़ने की स्ट्रेटजी में बदलाव करना जरुरी हो गया है. इसके लिए उन्हें संगठन और चुनाव में अब तवज्जो देनी ही पड़ेगी. अब देखते है टास्क फोर्स का जरिए कांग्रेस यूथ वोट बैंक हासिल करने की अपनी रणनीति में कितना कामयाब होती है.