नई दिल्ली : बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला का इस्तीफा मंजूर हो गया है. भाजपा ने शहजाद पूनावाला का इस्तीफा मंजूर किया है. पूनावाला ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को इस्तीफा भेजा था. पूनावाला ने 30 जुलाई को भेजे पत्र का जिक्र करते हुए लिखा कि यह मेरे लिए अत्यंत भावुक करने वाला था.
पार्टी ने मेरे त्यागपत्र को तुरंत स्वीकार करने से इनकार कर दिया और मुझसे अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया लेकिन दीर्घ विचार-विमर्श और गंभीर मनन के बाद मैंने अंतिम निर्णय लिया है कि मैं राष्ट्रीय प्रवक्ता के अपने पद भाजपा की सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से मुक्त होने का निर्णय लेना चाहता हूं. पिछले कुछ दिनों की घटनाओं, जिन व्यक्तियों के बारे में मैंने आपको विस्तार से बताया है.
उन्होंने मुझे अपने पूर्व निर्णय पर दृढ़ रहने के लिए बाध्य किया है. प्रधानमंत्री मोदी, नितिन नवीन, अमित शाह, राजनाथ सिंह, संगठन महामंत्री बीएल संतोष जैसे वरिष्ठ नेताओं के प्रति बिना किसी आहत भाव के, केवल कृतज्ञता' प्रेम, स्नेह और उच्चतम सम्मान के साथ, मैं अपनी और से पार्टी द्वारा पिछले पांच वर्षों में मुझे दिए गए मंच और अवसरों के लिए एक बार फिर धन्यवाद देता हूं.
जैसा कि मैंने पहले कहा था, अत्यावश्यक आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण मैं निजी क्षेत्र में प्रवेश करूंगा. लेकिन जहां भी संभव होगा और चाहे जिस भी स्वरूप में संभव हो मैं प्रधानमंत्री मोदी जी और भाजपा के दृष्टिकोण और कार्यों का समर्थन करता रहूंगा. मैं पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा हूं, परंतु विचार और व्यक्ति नहीं.