जयपुरः देश में बढ़ती महंगाई और नीट पेपर लीक मसले को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. आमजन और यूथ से सीधे जुड़े इन दोनों मामलों को लेकर कांग्रेस लगातार सड़कों पर प्रदर्शन कर रही है. राजस्थान कांग्रेस भी दोनों मुद्दों को लेकर लगातार विरोध कर रही है. वहीं पेपर लीक को लेकर कांग्रेस ने 21 मई को अब भाजपा दफ्तर घेराव का ऐलान किया है.
विपक्ष को इन दिनों सरकार को घेरने के लिए दो बड़े मुद्दे मिल चुके है. एक बढ़ती महंगाई, जो सीधे आमजन के बजट से जुड़ा मसला है. दूसरा लाखों युवाओं से कनेक्ट नीट पेपर लीक का मामला. लिहाजा कांग्रेस रणनीतिकारों ने आमजन और युवाओं को लुभाने के लिए इन दोनों मुद्दों को लेकर लड़ाई और आंदोलन और तेज चलाने का फैसला लिया है. यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई नीट पेपर लीक मामले में दिल्ली से लेकर राज्यों की राजधानी में सड़कों पर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. वहीं राजस्थान कांग्रेस नीट पेपर लीक को लेकर अभी तमाम जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर चुकी है. अब 21 मई को राजधानी जयपुर में प्रदेश भाजपा दफ्तर के घेराव का ऐलान किया है.
वहीं पांच दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में दो बार बढ़ोतरी हो चुकी है. बढ़ती महंगाई से अब हर कोई परेशान है. लिहाजा लोगों की समस्या को देखते हुए कांग्रेस ने इस मुद्दे को भी लपक लिया है. महिला कांग्रेस, प्रकोष्ठ और विभाग इसको लेकर अलग अलग तरीके से सड़कों पर आक्रोश जता रहे है. महिला कांग्रेस ने पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन करते हुए कीमत वापस लेने की मांग सरकार से की है.
कांग्रेस को पता है कि इन दोनों मुद्दों से लोगों में बेहद नाराजगी है. ऐसे में अगर इन मुद्दों पर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद नहीं की तो पब्लिक में गलत मैसेज जाएगा. लिहाजा कांग्रेस अब लगातार सरकार के खिलाफ माहौल बनाने में जुट चुकी है. भयंकर गर्मी में कांग्रेस सड़कों पर पसीना बहा रही है. अब अगले कुछ दिनों कांग्रेस की राजनीति इन्हीं दो मुद्दों के ईर्द गिर्द घूमती रहेगी.
महंगाई और नीट पेपर लीक को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल
दोनों मुद्दों पर लगातार कांग्रेस कर रही है प्रदर्शन
दोनों मुद्दे आमजन औऱ यूथ से जुड़े हुए है सीधे
ऐसे में कांग्रेस रणनीतिकारों ने आंदोलन तेज करने का लिया फैसला
राजस्थान कांग्रेस ने किया तमाम जिला मुख्यालयों पर पुतला दहन
अब 21 मई को प्रदेश भाजपा दफ्तर का कांग्रेस करेगी घेराव