नई दिल्ली : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने का मामला सामने आया है. पंढरपुर से मुंबई लौटने के दौरान हेलीकॉप्टर की बैटरी में खराबी आ गई, जिसके चलते उड़ान भरने में परेशानी हुई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पूरी तरह सुरक्षित हैं.
जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर की बैटरी में कम चार्ज होने के कारण उसका एक इंजन तो शुरू हो गया, लेकिन दूसरा इंजन चालू नहीं हो सका. इसके बाद तकनीकी टीम ने बैटरी चार्ज करने की कोशिश की, लेकिन समस्या का तत्काल समाधान नहीं हो पाया.
20-25 मिनट तक करना पड़ा इंतजार:
हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी के चलते एकनाथ शिंदे को करीब 20 से 25 मिनट तक इंतजार करना पड़ा. बैटरी चार्ज करने के प्रयासों के बावजूद हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका. इस घटना के बाद मौके पर मौजूद टीम ने तकनीकी समस्या को दूर करने के प्रयास किए. फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ी राहत यह है कि एकनाथ शिंदे सुरक्षित हैं और उन्हें किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है.