हिमंता बिस्वा सरमा बने असम के मुख्यमंत्री, 4 मंत्रियों ने ली शपथ, राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने दिलाई शपथ

हिमंता बिस्वा सरमा बने असम के मुख्यमंत्री, 4 मंत्रियों ने ली शपथ, राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने दिलाई शपथ

गुवाहाटी: हिमंता बिस्वा सरमा ने असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने शपथ दिलाई. हिमंता बिस्वा सरमा दूसरी बार असम के सीएम बने. रामेश्वर तेली,अतुल बोरा,चरण बोरो,अजंता नियोग ने मंत्री पद की शपथ ली.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खानापारा के वेटरनरी कॉलेज मैदान में शपथ ग्रहण समारोह के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनके कैबिनेट सहयोगियों को बधाई दी.

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, योगी आदित्यनाथ सहित NDA राज्यों के सीएम शामिल हुए. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी समारोह में मौजूद रहे. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मैं सभी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि आज बहुत खुशी का दिन है. 

असम में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है. लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी और हिमंत बिस्वा सरमा पर जो विश्वास दिखाया है, उसके लिए मैं असम की जनता को प्रणाम करता हूं. मेरा विश्वास है कि 10 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जिस प्रकार असम बदला है, अब ये असम के विकास के 5 साल होंगे.

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हम सबके लिए बहुत सुखद दिन है. असम में तीसरी बार भाजपा सरकार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बन रही है. ये हिमंत बिस्वा सरमा की मेहनत है जिन्होंने असम में हर एक व्यक्ति के लिए बहुत सुंदर कार्य किया और जनता ने भी पूरा विश्वास और आशीर्वाद उन्हें दिया.

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित असम डबल इंजन की सरकार ने बनाया है. प्रधानमंत्री मोदी के आशीर्वाद से हिमंत बिस्वा सरमा इसे अनंत ऊंचाइयों तक ले जाएंगे. सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं.