जयपुर: पिंक सिटी जयपुर अब जल्द ही वैश्विक पटल पर एक नई पहचान के साथ उभरने वाली है. राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना 'राजस्थान मंडपम' का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है , इस अहम प्रोजेक्ट का काम अप्रैल 2026 से शुरू होगा और इसे जुलाई 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
इस परियोजना के तहत बीटू बाइपास की कुल 89.05 एकड़ भूमि पर विकास कार्य किया जाएगा, जबकि कुल निर्मित क्षेत्र करीब 94.53 लाख वर्ग फीट (9,453,382.48 स्क्वायर फीट) होगा.इस पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब ₹5,815.56 करोड़ रखी गई है, यह केंद्र केवल एक इमारत नहीं, बल्कि राजस्थान की समृद्ध वास्तुकला विरासत और भविष्य की आधुनिक तकनीक का एक बेजोड़ मेल होगा. रीको के चेयरमैन शिखर अग्रवाल ने बताया कि विरासत से विकास' के ध्येय वाक्य के साथ यह प्रोजेक्ट पर्यटन, व्यापार और वैश्विक जुड़ाव को बढ़ावा देने के लिए एक प्रतिष्ठित स्थल के रूप में परिकल्पित किया गया है.
राजस्थान मंडपम का मुख्य आकर्षण इसके प्रवेश द्वार होंगे. 'विरासत अक्ष' पर बने पूर्व और पश्चिम प्रवेश द्वार पत्थर से निर्मित किए जा रहे हैं, जो राजस्थान के 9 विभिन्न सांस्कृतिक क्षेत्रों—ढूंढाड़, मारवाड़, मेवाड़, वागड़, गोडवाड़, शेखावाटी, बृज, अजमेर और हाड़ौती की मेहराबों को दर्शाएंगे. वहीं, 'विकास अक्ष' पर उत्तर और दक्षिण प्रवेश द्वार अत्याधुनिक 'टेलीस्कोपिक ग्लास मेहराब' से सुसज्जित होंगे, जो राज्य की आधुनिक प्रगति का प्रतीक हैं. कन्वेंशन सेंटर के भीतर विभिन्न बड़े आयोजनों के लिए विशाल हॉलों का निर्माण किया गया है.
इनमें सबसे प्रमुख 'पद्म मंडप' है, जिसमें एक साथ 7000 लोगों के बैठने की क्षमता होगी. इसके अलावा, 'स्वर्ण मंडप' (2500 सीट), 'ब्रह्मा मंडप' (1250 सीट) और 'तुलसी मंडप' (1500 सीट) जैसे भव्य हॉल अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए तैयार किए जा रहे हैं. सेंटर में समिट रूम, मीडिया सेंटर, हेड ऑफ स्टेट लाउंज और द्विपक्षीय बैठकों के लिए विशेष कक्षों की भी व्यवस्था है.
व्यापार और निवेश का नया केंद्र:
मंडपम परिसर में केवल सम्मेलन केंद्र ही नहीं, बल्कि एक पूरा इकोसिस्टम विकसित किया जा रहा है:
एक्सपो सेंटर: राजस्थान के रेतीले धोरों की थीम पर आधारित यह सेंटर प्रदर्शनियों के लिए विश्वस्तरीय स्थान प्रदान करेगा
ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर : यहाँ 11 मंजिला तीन अलग-अलग ब्लॉक (वेस्ट, ईस्ट और नॉर्थ) बनाए गए हैं, जो रिटेल मॉल, आईटी और फिनटेक कंपनियों के लिए आधुनिक ऑफिस स्पेस प्रदान करेंगे
फिनटेक प्लाजा और कॉर्पोरेट पार्क
स्टार्टअप्स और वित्तीय संस्थानों के लिए समर्पित ये क्षेत्र नवाचार और व्यापारिक गतिविधियों को गति देंगे
होटल और रेजिडेंस- आगंतुकों के लिए 1000 कमरों वाला फाइव स्टार होटल और लग्जरी 'ट्विग्स' रेजिडेंस की सुविधा भी परिसर में उपलब्ध होगी.
रीको और एनबीसीसी (इंडिया) मिल कर इस बड़े प्रोजेक्ट को तैयार करेंगे,परियोजना के तहत एक 'वाटरफ्रंट' विकसित किया जाएगा , जहाँ पर्यटक शानदार 'वॉटर आर्ट शो' का आनंद ले सकेंगे. इसके साथ ही एक 'नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम', ओपन एयर एम्फीथिएटर और शानदार फूड एरिना भी बनाया जा रहा है, जो इसे केवल एक बिजनेस हब ही नहीं, बल्कि एक मनोरंजक स्थल भी बनाता है. राजस्थान मंडपम सुरक्षा और पर्यावरण के मामले में भी अग्रणी होगा. यहाँ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित भीड़ प्रबंधन कैमरे, चेहरे की पहचान वाले प्रवेश द्वार और स्मार्ट एक्सेस बैज का उपयोग किया जाएगा. पर्यावरण संरक्षण के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र, इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशन, वर्षा जल संचयन और कचरा प्रबंधन की स्वचालित प्रणालियाँ लागू की गई हैं.राजस्थान मंडपम आने वाले समय में न केवल राजस्थान की सांस्कृतिक राजधानी की शोभा बढ़ाएगा, बल्कि आर्थिक और व्यापारिक गतिविधियों का एक वैश्विक केंद्र बनकर उभरेगा.