जयपुर: राजधानी में अब तीन और स्थानों पर स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स बनाए जाने की जेडीए ने कवायद शुरू कर दी है. इन तीनों स्थानों पर जेडीए ने इसके लिए निविदा भी जारी कर दी है.
जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने सभी अभियंताओं से अपने-अपने इलाके में द्रव्यवती नदी के दोनों तरफ और अन्य स्थानों पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए थे. सनसिटी सीकर रोड,लिलीपूल टोंक रोड,स्वर्ण विहार योजना,सेंट्रल स्पाइन जगतपुरा,जवाहर सर्किल में रोज गार्डन के पास,मॉर्डन स्कूल शिप्रा पथ के पास और प्रताप नगर में हल्दीघाटी मार्ग के सामने कुल सात स्थानों पर भूमि चिन्हित की गई. सबसे पहले पहले प्रताप नगर में हल्दीघाटी मार्ग के सामने स्थित सड़क पर द्रव्यवती नदी के किनारे चिन्हित 14 हजार वर्गमीटर भूमि पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण की निविदा जारी की गई. अब इसके बाद तीन और स्थानों पर स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स या स्पोर्ट्स एरेना बनाने के लिए जेडीए ने निविदा जारी कर दी है.
-एक स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स 2.47 करोड़ रुपए की लागत से जेडीए की स्वर्ण विहार योजना में 2000 वर्गमीटर भूमि पर निर्मित किया जाएगा
-दूसरा स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स 2.46 करोड़ रुपए की लागत से शिप्रा पथ मानसरोवर पर मॉर्डन स्कूल के पीछे 1000 वर्गमीटर भूमि पर निर्मित किया जाएगा
-तीसरा स्पोर्ट्स एरेना 5.06 करोड़ रुपए की लागत से सेंट्रल पार्क में लिलीपूल के नजदीक निर्मित किया जाएगा
-इन स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स या स्पोर्ट्स एरेना की की 85 प्रतिशत राशि जेडीए वहन करेगा
-जबकि 15 प्रतिशत राशि निविदा में चयनित फर्म वहन करेगी
-अनुबंधित फर्म ही प्रोजेक्ट की प्लानिंग,डिजाइन,डवलपमेंट और निर्माण का काम करेगी
-स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण के बाद उसके संचालन और रखरखाव का काम भी यही फर्म करेगी
-यह फर्म पांच साल तक कॉम्प्लेक्स का संचालन और रखरखाव करेगी
-जेडीए की स्वीकृति से इसे दो साल के लिए और बढ़ाया जा सकेगा
-कॉम्प्लेक्स में विभिन्न खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के बदले लिया जाने वाला शुल्क फर्म ही वसूलेगी
-वसूली गई राशि में से जेडीए की हिस्सेदारी कितनी रहेगी,उसी आधार पर निविदा जारी की गई है
-जो फर्म सबसे ज्यादा हिस्सेदारी जेडीए को देने का प्रस्ताव देगी,उसी फर्म का निविदा में चयन होगा
-फर्म अपनी मर्जी से चाहे तो निविदा में निर्धारित सुविधाओं के अलावा भी अन्य खेल सुविधाएं विकसित कर सकेगी
-लेकिन फर्म को इसके लिए जेडीए की स्वीकृति लेनी होगी
-निविदा में भाग लेने के लिए फर्म के लिए यह जरूरी होगा कि उसके पास इस तरह के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स,
-रिक्रिएशनल फैसिलिटी,कम्युनिटी स्पोर्ट्स फैसिलिटी आदि के संचालन व रखरखाव का न्यूनतम 3 वर्ष का अनुभव हो
-इसी तरह फर्म के लिए यह भी जरूरी होगा कि पिछले पांच वर्ष में उसने इस तरह के कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया हो
-कार्यादेश मिलने के छह माह के भीतर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्मित करना होगा
जेडीए की ओर से विकसित किए जा रहे इन प्रोजेक्ट्स में विभिन्न खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इन सुविधाओं का उपयोग के लिए संबंधित लोगों को शुल्क भी देना होगा. इसलिए शुल्क के निर्धारण के लिए जेडीए ने संबंधित अधिकारियों की एक कमेटी बनाई थी. कमेटी ने मामले में बाजार दर का अध्ययन के बाद अपनी सिफारिशें सौंपी. जेडीए ने इन सिफारिशों को अपनी मंजूरी दे दी है. इन्हीं के मुताबिक इस प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुल्क निर्धारित किया है. आपको बताते हैं किस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स/स्पोर्ट्स एरेना में कौनसी खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी और इन सुविधाओं का उपयोग करने के लिए आमजन को कितनी राशि देनी होगी.
-स्वर्ण विहार में प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स में टेनिस कोर्ट,बॉक्स क्रिकेट एरेना,बॉक्स फुटबॉल एरेना,फूड कोर्ट,
-रिसेप्शन,एडमिनिस्ट्रेशन बिल्डिंग,पार्किंग एरिया,लैंड स्कैपिंग व अन्य सुविधाएं निर्मित की जाएंगी
-शिप्रा पथ मानसरोवर स्थित मॉडर्न स्कूल के पीछे प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स में पिकल बॉल कोर्ट,
-बॉक्स क्रिकेट एरेना,चिल्ड्रन एक्टिविटी जोन,ओपन इवेंट लॉन,फूड कोर्ट कियोस्क्स किए जाएंगे निर्मित
-सेंट्रल पार्क में लिलीपूल के पास प्रस्तावित स्पोर्ट्स एरेना में टेनिस कोर्ट,पिकल बॉल कोर्ट,बॉक्स क्रिकेअ एरेना,
-बॉक्स फुटबॉल एरेना,स्केटिंग रिंक,चिल्डन एक्टिविटी जोन,ओपन इवेंट लॉन,फूड कोर्ट किए जाएंगे जाएंगे निर्मित
-इन स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स में प्रति घंटा टेनिस कोर्ट या पिकल बॉल कोर्ट में खेलने के लिए 500 से 700 रुपए देने होंगे
-बॉक्स क्रिकेट एरेना में खेलने के लिए आमजन को प्रति घंटा 1500 से 2000 रुपए देने होंगे
-बॉक्स फुटबॉल एरेना में खेलने के लिए आमजन को प्रति घंटा 1500 से 2000 रुपए देने होंगे