नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पूछा-कब तृतीय श्रेणी अध्यापकों के तबादले होंगे? मंत्री मदन दिलावर ने दिया जवाब

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पूछा-कब तृतीय श्रेणी अध्यापकों के तबादले होंगे? मंत्री मदन दिलावर ने दिया जवाब

जयपुर: राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र जारी है. विधायक गोविंद प्रसाद ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण का सवाल पूछा. मंत्री मदन दिलावर ने जवाब देते हुए कहा कि पूर्ण प्रतिबंध लगा हुआ है. अतिआवश्यकता पड़ने पर सक्षम स्तर से अनुमोदन करके स्थानांतरण किए जाते रहे. गोविंद प्रसाद ने कहा कि वर्ष 2018 में तृतीय श्रेणी अध्यापकों के स्थानांतरण कैसे हुए थे ? मंत्री मदन दिलावर ने जवाब देते हुए कहा कि 2018 में स्थानांतरण किए गए थे और उसका आदेश जारी किया गया था. सहमति पत्र के आधार पर स्थानांतरण किए गए थे. कैंसर गुर्दा प्रत्यारोपण और गंभीर पीड़ित शिक्षक और पूर्णतया दृष्टिहीन और 100% दिव्यांग समेत ऐसी श्रेणियों के तबादले किये गए थे. 

गोविंद प्रसाद ने वापस पूछा-'तृतीय श्रेणी के तबादले होंगे या नहीं ? तो मंत्री मदन दिलावर ने जवाब देते हुए कहा कि तबादला करने का कोई नियम नहीं होता है, फिर भी तत्कालीन सरकार ने कोई नियम निकाला था. अभी हमारी स्थानांतरण नीति प्रक्रियाधीन है. जैसे ही स्थानांतरण नीति फाइनल होगी हम उसे आधार पर आगे विचार करेंगे.

फिर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पूछा, तृतीय श्रेणी शिक्षकों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हो ? आप लोगों ने कहा था कि स्थानांतरण नीति बनेगी. कब तृतीय श्रेणी अध्यापकों के तबादले होंगे ? आप कोई टाइमलाइन दें? मंत्री मदन दिलावर ने जवाब देते हुए कहा कि भाजपा की सरकार में 2200 तबादले किए गए थे. लेकिन कांग्रेस की सरकार में एक भी टीचर का तबादला नहीं किया गया. हम तो फिर भी विचार कर रहे हैं आप लोगों ने क्यों नहीं विचार किया ? क्यों नहीं चिंता कर रहे थे?