VIDEO: राजस्थान विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस, श्रीचंद कृपलानी की राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी से सदन में हंगामा, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: विधानसभा में मंगलवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस के दौरान पक्ष-विपक्ष में आरोप-प्रत्यारोप व छींकाकशी का दौर चला. कई बाद विवाद की स्थिति हुई और सदन की कार्यवाही भी रोकनी पड़ी. वहीं कई सदस्यों ने सदन में राजनीतिक बाण चलाते हुए अपनी बात रखी. भाजपा विधायक श्रीचंद कृपलानी की राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी से सदन में हंगामा हो गया. कृपलानी ने कहा कि राहुल गांधी बिना छपी किताब को लेकर बेवजह लोकसभा में आरोप लगा रहे हैं. इस पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जो व्यक्ति सदन का सदस्य नहीं है, उसका उल्लेख नियमों के खिलाफ है. पक्ष-विपक्ष की नोकझोंक के चलते सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी.

बहस के दौरान संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और टीकाराम जूली के बीच भी तीखी नोकझोंक हुई. जूली ने कांग्रेस विधायक दीनदयाल बैरवा के साथ दौसा तहसीलदार द्वारा किए गए दुर्व्यवहार पर कार्रवाई की मांग की. मंत्री पटेल ने इसे असंसदीय बताते हुए प्रक्रिया का हवाला दिया. बैरवा ने तहसीलदर पर गंभीर आरोप लगाए.

कांग्रेस नेता हरीश चौधरी ने भी बहस में हिस्सा लेते हुए पेपरलीक व ओएमआर शीट का मामला उठाया. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि बायतू से जीतकर विधानसभा आने से रोकने के लिए कई मुख्यमंत्रियों ने प्रयास कर लिए, लेकिन रोक नहीं पाए. वहीं युवा विधायक अमित चाचाण ने राज्य सरकार की विभिन्न मुद्दों पर आलोचना करते हुए कहा कि इस सरकार ने योजनाएं बंद करने के अलावा कुछ नहीं किया.