सांगानेर में यातायात जाम से जल्द मिलेगी निजात ! सांगानेर फ्लाईओवर से मालपुरा गेट तक का सफर होगा पूरा, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः राजधानी के सांगानेर फ्लाई ओवर से लेकर मालपुरा गेट तक का सफर अगस्त 2028 के बाद 30 मिनट के बजाए महज पांच मिनट में पूरा हो जाएगा. राज्य सरकार की ओर से वर्ष 2024-25 में पेश किए गए पहले पहले पूर्ण बजट में सांगानेर क्षेत्र में एलिवेटेड रोड निर्माण की घोषणा की गई थी. पहले इस एलिवेटेड रोड का निर्माण सांगानेर फ्लाईओवर से लेकर चौरड़िया पेट्रोल पंप तक ही किया जाना था. 

लेकिन यातायात की महती आवश्यकता को देखते हुए एलिवेटेड रोड को मालपुरा गेट से आगे उतारने का फैसला किया गया. इसके बाद निविदा जारी की गई, लेकिन पहली बार जारी की निविदा में दर अधिक आने के चलते उसे निरस्त किया गया. दूसरी बार जारी की गई निविदा में पहले से कुछ कम दर आई, जिसे जेडीए ने अब मंजूर कर लिया है. आपको सबसे पहले इस एलिवेटेड के पूरे डिजाइन की देते हैं विस्तृत जानकारी

-सांगानेर फ्लाई ओवर से लेकर चौरड़िया पेट्रोल पंप तक यह एलिवेटेड रोड चार लेन चौड़ी होगी
-एक तरफ दो लेन फ्लाई ओवर से पेट्रोल पंप तक जाने के लिए और
-दूसरी तरफ दो लेन पेट्रोल पंप से फ्लाई ओवर की तरफ जाने के लिए होगी
-फ्लाई ओवर से करीब सौ मीटर दूरी पर यहां से पेट्रोल पंप की तरफ जाने के लिए वाहन एलिवेटेड रोड के रैम्प पर चढ़ेंगे
-यहीं से कुछ ही दूरी पर पेट्रोल पंप की तरफ से आने वाले वाहनों के उतरने के लिए एलिवेटेड रोड का रैम्प होगा
-यह एलिवेटेड रोड पेट्रोल पंप तिराहे तक पहुंचने पर दो भागों में बंट जाएगी
-यहां से बायीं तरफ मुड़कर दो लेन की एलिवेटेड रोड मालपुरा गेट को क्रॉस करते हुए आगे उतरेगी
-इसी तरह दायी तरफ मुड़कर न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज से पहले उतरेगी
-न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज से पेट्रोल पंप की तरफ जाने पर कुछ आगे ही इसी एलिवेटेड रोड का रैम्प होगा
-इस रैम्प पर चढ़कर वाहन चालक इस एलिवेटेड रोड के माध्यम से सांगानेर फ्लाईओवर के नजदीक उतर सकेंगे
-इस तरह गोपालपुरा फ्लाईओवर के पास से वाहन इस एलिवेटेड रोड के माध्यम से मालपुरा गेट और
-न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज दोनों तरफ जा सकेंगे
-इस एलिवेटेड रोड से वाहन चालकों को केवल मालपुरा गेट से आगे तक जाने की सुविधा मिलेगी
-मालपुरा गेट से फ्लाईओवर की तरफ एलिवेटेड रोड से जाने के लिए सुविधा नहीं होगी
-मालपुरा गेट से पेट्रोल पंप व फ्लाई ओवर तक वाहन चालकों को मौजूदा सड़क से ही आना होगा
-जबकि न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज के पास से वाहन चालक एलिवेटेड रोड से फ्लाईओवर तक जा सकेंगे

निविदा मंजूर करने के बाद जेडीए ने चयनित फर्म को लैटर ऑफ एक्स्पटेंस जारी कर दिया है. इस महीने के अंत तक फर्म को वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया जाएगा. इसके बाद यह फर्म मौके पर काम शुरू कर देगी. आपको बताते हैं कब तक एलिवेटेड रोड के निर्माण के बाद वाहन चालकों की राह आसान होगी.

-सांगा सेतु पुलिया से लेकर चौरड़िया पेट्रोल पंप तक कम चौड़ी सड़क के कारण अक्सर जाम की स्थिति रहती है
-गोपालपुरा फ्लाई ओवर से लेकर चौरड़िया पेट्रोल पंप तक आधे दर्जन से अधिक छोटे-बड़े जंक्शन है
-एलिवेटेड रोड के निर्माण के बाद वाहन चालक आसानी से टोंक रोड से चौरड़िया पेट्रोल पंप होते हुए न्यू सांगानेर रोड रेलवे ओवरब्रिज
-और चौरड़िया पेट्रोल पंप होते मालपुरा गेट तक जा सकेंगे
-एलिवेटेड रोड का निर्माण काम शुरू होने के 30 माह में पूरा किया जाएगा
-ऐसे में अगस्त 2028 के बाद सांगानेर फ्लाई ओवर से मालपुरा गेट के आगे तक वाहन चालकों की राह आसान होगी
-वर्तमान में जाम के कारण इस साढ़े तीन किलोमीटर का सफर पूरा करने में पच्चीस से तीस मिनट लगते हैं
-एलिवेटेड रोड के निर्माण के बाद यह सफर महज पांच मिनट में पूरा हो जाएगा
-सांगानेर फ्लाई ओवर से लेकर सांगा सेतु पुलिया तक सड़क मास्टर प्लान में 120 फीट चौड़ी है
-सांगा सेतु पुलिया से चौरड़िया पेट्रोल पंप तक यह सड़क मास्टर प्लान में 100 फीट चौड़ी है
-सांगा सेतु पुलिया से चौरड़िया पेट्रोल पंत तक सड़क मौके पर महज 60 से 70 फीट ही चौड़ी है
-इस हिस्से में चार लेन चौड़ी एलिवेटेड रोड बनाने के लिए सड़क को चौड़ा किया जाना जरूरी है
-सड़क चौड़ी करने के लिए इसके दोनों तरफ सड़क सीमा के निर्माण हटाए जाएंगे
-जेडीए की नाप जोख के मुताबिक करीब सवा सौ निर्माणों को हटाया जाएगा
-इन निर्माणों को हटाने के बाद एलिवेटेड रोड के स्पान का निर्माण किया जा सकेगा 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्वाचन क्षेत्र सांगानेर में प्रस्तावित इस प्रोजेक्ट से ना केवल क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा बल्कि अन्य इलाकों से रोजाना इस रूट पर आवागमन करने वाले हजारों वाहन चालकों की राह भी आसान होगी.