16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना! तारीख तय होते ही ढाका में सियासी भूचाल, सरकार बोली- हथकड़ी लगाकर लाएंगे

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी की घोषणा ने पड़ोसी देश की राजनीति में हलचल तेज कर दी है. भारत में रह रहीं हसीना ने 16 दिसंबर 2026 को बांग्लादेश लौटने की योजना का ऐलान किया है. खास बात यह है कि उन्होंने वापसी के लिए 16 दिसंबर की तारीख चुनी है, जो 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान की हार और बांग्लादेश की जीत का ऐतिहासिक विजय दिवस है. हालांकि, उनकी वापसी का रास्ता अभी साफ नहीं है और बांग्लादेश सरकार ने प्रत्यर्पण के जरिए ही उन्हें वापस लाने की बात कही है.
विस्तार में

नई दिल्ली: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी की घोषणा ने पड़ोसी देश की राजनीति में हलचल तेज कर दी है. भारत में रह रहीं हसीना ने 16 दिसंबर 2026 को बांग्लादेश लौटने की योजना का ऐलान किया है. खास बात यह है कि उन्होंने वापसी के लिए 16 दिसंबर की तारीख चुनी है, जो 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान की हार और बांग्लादेश की जीत का ऐतिहासिक विजय दिवस है. हालांकि, उनकी वापसी का रास्ता अभी साफ नहीं है और बांग्लादेश सरकार ने प्रत्यर्पण के जरिए ही उन्हें वापस लाने की बात कही है.

दिल्ली से ढाका तक सरकारी विमान की मांग:
शेख हसीना ने प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार से दिल्ली से ढाका तक वापसी के लिए बांग्लादेश के राष्ट्रीय विमानन सेवा बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस का विमान उपलब्ध कराने की मांग की है. हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली के मुताबिक, 5 अगस्त 2024 को उन्हें बांग्लादेशी विमान से भारत लाया गया था, इसलिए अब सरकार को उनकी स्वदेश वापसी की व्यवस्था करनी चाहिए.

बांग्लादेश सरकार का सख्त रुख, हथकड़ी में लाने की चेतावनी:
हसीना की वापसी की घोषणा पर तारिक रहमान सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है. विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि शेख हसीना की वापसी प्रत्यर्पण संधि के तहत ही संभव होगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें हथकड़ी लगाकर और कड़ी निगरानी में वापस लाया जा सकता है. सरकार का कहना है कि हसीना को देश लौटने पर गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. 

अवामी लीग के ऐलान से बढ़ सकती है सियासी हलचल:
हसीना की वापसी की घोषणा के बाद उनकी पार्टी अवामी लीग ने 16 दिसंबर को हाईवे जाम करने का ऐलान किया है. बांग्लादेश में पहले से ही राजनीतिक तनाव और हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं. गोपालगंज में अवामी लीग से जुड़े जुलूस के बाद हिंसा और बमबाजी की घटनाओं की भी खबरें हैं. ऐसे में 16 दिसंबर को देश में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है.

2024 के छात्र आंदोलन मामले में मिल चुकी है मौत की सजा:
शेख हसीना को 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में बांग्लादेश की अदालत ने नवंबर 2025 में उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी. हसीना ने इस फैसले को खारिज किया है और कहा है कि वह वापस लौटकर कानूनी लड़ाई लड़ेंगी.