VIDEO: SIR के मुद्दे पर विधानसभा में हंगामा, स्पीकर ने कहा - कानूनी विशेषज्ञों से राय लेने के बाद फैसला करेंगे

जयपुर: विधानसभा में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर जमकर हंगामा हुआ. हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी. कांग्रेस विधायक जाकिर हुसैन को पर्ची के माध्यम से बोलने का मौका मिला लेकिन संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने नियमों का हवाला देकर रोक दिया . इसका कांग्रेस ने विरोध किया और सदन में हंगामा हो गया . 

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने एसआईआर में फर्जी फार्मों के बंडल जमा कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पता लगाया जाए कि ऐसे फर्जी फार्म कौन और किस उद्देश्य से देकर गया. उन्होंने इस पूरे मामले की जांच की मांग की.जूली ने एसआईआर पर सदन में चर्चा कराने की मांग करते हुए कहा कि जब लोकसभा में चुनाव सुधारों पर चर्चा हो सकती है, तो विधानसभा में इस विषय पर चर्चा क्यों नहीं कराई जा सकती. इस पर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि एसआईआर और लोकसभा-विधानसभा चुनाव सुधार राज्य सरकार का विषय नहीं है. 

उन्होंने स्पष्ट किया कि संसदीय और विधानसभा चुनावों से जुड़े कानून और संविधान संशोधन संसद के अधिकार क्षेत्र में आते हैं, इसलिए इस विधानसभा में एसआईआर पर चर्चा नहीं हो सकती. विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष और संसदीय कार्य मंत्री दोनों की बातें उनके संज्ञान में हैं. उन्होंने बताया कि कानूनी विशेषज्ञों से राय लेने के बाद ही एसआईआर पर सदन में चर्चा को लेकर अंतिम फैसला किया जाएगा.