बीकानेरः देश की सरहदों को और ज्यादा मजबूत और अभेद बनाने के संदेश के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बीकानेर की भारत पाक सीमा पर पहुंचे… सांचू बॉर्डर पोस्ट से अमित शाह ने साफ कहा कि बीएसएफ, सेना, प्रशासन और जागरूक नागरिक मिलकर ऐसा मजबूत सुरक्षा ग्रिड तैयार करें जो सीमा पार से होने वाली हर साजिश का मुंहतोड़ जवाब दे सके.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीकानेर की सांचू सीमा चौकी पहुंचकर जवानों का हौसला बढ़ाया. इस दौरान उन्होंने कहा कि सांचू ऐतिहासिक पोस्ट है. पाकिस्तान ने जब भी यहां कब्जे की कोशिश की, भारतीय सैनिकों ने उसे करारा जवाब दिया. शाह ने सीमा सुरक्षा में बीएसएफ के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सीमा पार के हर खतरे पर कड़ी नजर रखनी होगी और दुश्मन को निर्दयता के साथ जवाब देना होगा.अमित शाह ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बीएसएफ जवानों के साहस और सतर्कता की खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में देश की सुरक्षा व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है. सेना और बीएसएफ का लगातार आधुनिकीकरण किया जा रहा है ताकि देश की सीमाएं और ज्यादा सुरक्षित बन सकें -
गृह मंत्री ने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले 200 से ज्यादा सीमा प्रहरियों का ऋण 140 करोड़ भारतीयों पर है. उन्होंने जवानों के साथ जलपान किया, हथियार प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सांचू सीमा पोस्ट पर पौधारोपण भी किया. इस दौरान अमित शाह ने सांचू माता मंदिर में दर्शन कर देश की सुरक्षा और समृद्धि की कामना भी की. केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में आज बेटियां बेटों से दो कदम आगे है. केंद्र सरकार वर्ष 2030 तक इन बेटियों के लिए सभी सुविधाएं मुहैया करवाएगी. उन्होंने कहा कि वर्तमान में राजस्थान में बीएसएफ की सीमा चौकियों पर बेटियों के लिए 40 करोड़ रुपए की लागत से 79 बैरक स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से आज लोकार्पण हुए 14 बैरक सहित 67 का काम पूरा हो चुका है. शेष 12 बैरक का कार्य भी जल्द पूरा हो जाएगा. देश की सीमा चौकियों पर 200 करोड़ की लागत से 360 बैरक बनाए जा रहे हैं
दौरे के दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे. अमित शाह का यह दौरा सीमाई सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. शाह ने कहा सरकार अगले 6 महीने में ड्रोन रोधी संयंत्र लगाने की शुरुआत कर रही है.