भजनलाल सरकार ने गांधी वाटिका म्यूजियम के संचालक ट्रस्ट को किया निरस्त, अशोक गहलोत बोले- इसे आम जनता के लिए जल्द शुरू करें

मुख्यमंत्री भजनलाल सरकार ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत के एक और फैसले पर कैंची चलाते हुए राजधानी जयपुर के सेंट्रल पार्क में बनाए गए गांधी वाटिका म्यूजियम के संचालन ट्रस्ट को खत्म कर दिया है. जिसको लेकर अशोक गहलोत ने कहा कि हमारी सरकार ने राजस्थान में गांधीजी की विचारधारा के प्रसार के लिए शांति एवं अहिंसा विभाग तथा सेंट्रल पार्क, जयपुर में गांधी वाटिका म्यूजियम बनाया था. 
विस्तार में

जयपुर: मुख्यमंत्री भजनलाल सरकार ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत के एक और फैसले पर कैंची चलाते हुए राजधानी जयपुर के सेंट्रल पार्क में बनाए गए गांधी वाटिका म्यूजियम के संचालन ट्रस्ट को खत्म कर दिया है. जिसको लेकर अशोक गहलोत ने कहा कि हमारी सरकार ने राजस्थान में गांधीजी की विचारधारा के प्रसार के लिए शांति एवं अहिंसा विभाग तथा सेंट्रल पार्क, जयपुर में गांधी वाटिका म्यूजियम बनाया था. 

परन्तु भाजपा सरकार ने पहले विभाग को खत्म किया एवं अब गांधी वाटिका म्यूजियम के संचालक ट्रस्ट को खत्म करने का बिल पास कर दिया. गांधी वाटिका म्यूजियम का संचालन ट्रस्ट के जरिए करने का उद्देश्य था कि उसमें जाने-माने गांधी विचारक रहें एवं सरकार बदलने का इस पर कोई असर ना पड़े. 

गांधी पीस फाउंडेशन के लोगों को इससे जोड़ा गया जिससे इसका बेहतर संचालन हो परन्तु 24 सितंबर 2023 को लोकार्पण के बावजूद ना तो गांधी वाटिका म्यूजियम को जनता के लिए नई सरकार ने खोला और ना ही इस ट्रस्ट को काम करने दिया. मैंने व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री जी से इस म्यूजियम को शुरू करने का निवेदन किया था.

भाजपा सरकार ने ट्रस्ट को भी समाप्त कर दिया जो दुर्भाग्यपूर्ण है. भाजपा की सरकार अब गांधी वाटिका म्यूजियम को आम जनता के लिए कब प्रारंभ करेगी, तारीख की अविलम्ब घोषणा करनी चाहिए.