जयपुर: बीजेपी ने सोमवार को अपना स्थापना दिवस मनाया. भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर सीएम भजन लाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पार्टी का ध्वज फहराया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, विकास और सेवा की भावना के साथ कार्य करने वाली पार्टी.जनसंघ से प्रारंभ हुआ यह सफर कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा ने सदैव राष्ट्रहित को रखा सर्वोपरि,संगठन की मजबूती पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है.
राजस्थान बीजेपी का स्थापना दिवस कई मायनों में खास रहा. संगठन से निकलकर मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने वाले भजन लाल शर्मा ने पार्टी का ध्वज फहराया और सन्देश दिया और कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और सेवा के कारण ही पार्टी आज देश ही नहीं, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हुई है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया.
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने ध्वजारोहण के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देशभर में विकास एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को सुदृढ़ कर रही है. केंद्र एवं राज्य सरकारें देश और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही हैं तथा भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को मजबूत बना रही हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर भाजपा की सरकार होने के कारण कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है.
उन्होंने सभी से जनता के बीच रहकर कार्य करने तथा पार्टी को और अधिक सशक्त एवं अजेय बनाने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पार्टी के इतिहास को स्मरण करते हुए कहा कि जनसंघ से प्रारंभ हुआ यह सफर कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है. उन्होंने कहा कि हमारी नीति में राष्ट्र सर्वोपरि है, उसके बाद पार्टी का स्थान है.इस दौरान वो पल भी खास रहा जब एक महिला कार्यकर्ता ने सीएम भजनलाल शर्मा को समर्पित गीत सुनाया.महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ के आग्रह पर गीत सुनाया. कार्यक्रम का आकर्षण रहा सेना का बैंड. बैंड की ओर से प्रस्तुत देश भक्ति के गीतों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए.