नई दिल्ली : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र के (बाबैन) में एक एक कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग की चार नई डिजिटल पहलों का शुभारंभ किया. जिसको लेकर सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के मेरे परिवारजनों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और आसानी से उन्हें योजनाओं का लाभ मिले, इस दिशा में हमारी सरकार लगातार काम कर रही है.
आज के ऐतिहासिक दिन धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र (बाबैन) में 'राजस्व विभाग' की 4 नई डिजिटल पहलों का शुभारम्भ कर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे सेवा की कड़ी को आगे बढ़ाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. प्रदेश के नागरिक अब घर बैठकर ही रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे.
जमीनी विवादों को सुलझाने के लिए निशानदेही पोर्टल, राजस्व विभाग से संबंधित जानकारी और सेवाओं के लिए व्हाट्सएप चैटबोट, कोर्ट के केस और न्यायालय में लंबित मामलों की डिजिटल मॉनिटरिंग के लिए राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली से दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी.
डिजिटल क्रांति को आगे बढ़ाने वाली इन पहलों से तकनीकी बदलाव के साथ-साथ सुशासन, पारदर्शिता और नागरिक सुविधा के नए अध्याय की शुरुआत हुई है.