गुरुग्राम: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने कक्षा 12वीं की नियमित परीक्षा के परिणाम मंगलवार को जारी किए. छात्र अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रोल नंबर डालकर परिणाम देख सकते है और डाउनलोड कर सकते हैं. इस बार के परिणाम को लेकर छात्रों में काफी उत्सुकता रही. जानकारी के अनुसार कक्षा 12 की परीक्षा में कुल 242,856 उम्मीदवार शामिल हुए, जिनमें से 205,618 उत्तीर्ण हुए, जबकि 10,498 उम्मीदवार अनुत्तीर्ण रहे.
वहीं, पुरुष छात्रों के लिए उत्तीर्ण फीसदी 81.45 प्रतिशत रहा और महिला छात्रों के लिए यह 87.97 प्रतिशत था. इस प्रकार, महिला छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत पुरुष छात्रों की तुलना में 6.52 प्रतिशत अधिक रहा. सीएम नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड कक्षा 12वीं की परीक्षा में सफल हुए सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं. यह सफलता आपके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है.
आशा है कि आप जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर प्रगति करते हुए अपने परिवार, समाज और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे. जिन विद्यार्थियों को अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाए, वे निराश न हों. परीक्षा का परिणाम जीवन का अंतिम सत्य नहीं होता. धैर्य, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से हर चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है. विश्वास रखिए, आपका भविष्य भी उज्ज्वल है और सफलता आपका इंतजार कर रही है.