झुंझुनूं के चिड़ावा में भीषण सड़क हादसा, बस की टक्कर से 2 बाइक सवारों की दर्दनाक मौत

झुंझुनूं के चिड़ावा में भीषण सड़क हादसा, बस की टक्कर से 2 बाइक सवारों की दर्दनाक मौत

चिड़ावा(झुंझुनूं): शहर के पिलानी बाइपास पर मंड्रेला चौराहा सर्किल पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई. यह हादसा तब हुआ जब एक तेज रफ्तार स्लीपर बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. ​ये घटना रात करीब 11:15 बजे की है. जयपुर से अमृतसर जा रही एक निजी स्लीपर बस पिलानी की ओर जा रही थी. तभी चिड़ावा के मंड्रेला बाईपास चौराहे पर अचानक एक बाइक सामने आ गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवारों ने अचानक अपनी बाइक को मंड्रेला रोड की तरफ मोड़ दिया, जिससे वे सीधे बस के सामने आ गए।. बस चालक ने बाइक सवारों को बचाने की भरसक कोशिश की, जिसके कारण बस के टायर करीब 70 फीट तक घिसटते रहे, लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण टक्कर हो ही गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह से बस के नीचे घुस गई. हादसे के बाद बस भी अनियंत्रित होकर पलटते-पलटते बची. ​हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के चालक बंटी नूनिया और ईएमटी सतीश कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान विक्रम सिंह (24) और धर्मवीर (24) निवासी बुहाना के रूप में हुई. दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के समय बस में 30 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें अचानक हुए इस हादसे से अफरा-तफरी मच गई.