मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ली आपदा राहत प्रबंधन की बैठक, कहा-निरंतर बारिश के चलते अधिकारी रहे अलर्ट मोड पर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ली आपदा राहत प्रबंधन की बैठक, कहा-निरंतर बारिश के चलते अधिकारी रहे अलर्ट मोड पर

जयपुर: राजस्थान में भारी बारिश को लेकर भजनलाल सरकार गंभीर हैं. बुधवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आपदा राहत प्रबंधन की बैठक ली. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बैठक में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि निरंतर बारिश के चलते अधिकारी अलर्ट मोड पर रहे. सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ बचाव एवं राहत कार्यों में तेजी लाएं. आपदा राहत टीम जलभराव वाले क्षेत्रों की सतत निगरानी करें. 

प्रदेश के अधिकांश बांध, नदियां, तालाब और जलाशय लबालब हो चुके हैं. जिससे निचले और बाढ़ संभावित इलाकों में विशेष निगरानी की आवश्यकता है. ऐसे क्षेत्रों को चिह्नित कर चेतावनी बोर्ड, अस्थायी चौकियां, 'जनसंपर्क के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए. SDRF, सिविल डिफेंस और होम गार्ड्स की टीमें पूरी तैयारी-संसाधनों के साथ तैनात रहे. प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल,खाद्य सामग्री,दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें. 

आमजन किसी भी आपदा की स्थिति में बाढ़ नियंत्रण कक्ष में तुरंत सूचित करें. आपदा की स्थिति में राज्य स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 1070-112, जिला स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क करें. मौसमी बीमारियों की रोकथाम, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था, अस्पतालों में दवाई और स्टाफ की उपलब्धता को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए. अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सांगानेर और बारिश प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे है.