नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली बोले- एजुकेशन का बजट कम कर दिया गया, लखपति दीदी स्कीम में बिना लाख रुपए दिए लखपति कैसे बना रहे हो ?

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली बोले- एजुकेशन का बजट कम कर दिया गया, लखपति दीदी स्कीम में बिना लाख रुपए दिए लखपति कैसे बना रहे हो ?

जयपुरः राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र जारी है. सदन में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने संबोधित करते हुए कहा कि हाईकोर्ट ने बजट एलोकेशन को लेकर फटकार लगाई. क्या स्थिति है राज्य के स्कूलों की' ? एजुकेशन का बजट कम कर दिया गया. डेढ़ लाख से अधिक पद रिक्त है शिक्षा विभाग में. सरकार केवल गुमराह कर रही है. मेडिकल में राजस्थान का हेल्थ मॉडल मशहूर था. गुजरात वाले भी राजस्थान देखने आते थे. आज क्या हुआ, चिरंजीवी का नाम बदल दिया. एजुकेशन मंत्री तो राम कथाओं में लगे हुए है. यहां बजट कम हो गया. शिक्षा विभाग का बजट बढ़ना चाहिए. ऐसी सरकार मैंने नहीं देखी. केंद्रीय बजट में राजस्थान के साथ अन्याय हुआ है. इस बारे में सम्पूर्ण सदस्यों की ओर से प्रस्ताव केंद्र को भेजा जाना चाहिए. 5500 करोड़ रुपए दिल्ली से कम लेकर आए. आप तो ये कहते है ना, दिल्ली जाता हूं तो कुछ ना कुछ लेकर आता हूं. हमारे ऊपर आरोप लगाते है, हम सरकार बचाने दिल्ली जाते थे. 

जनता चुनती है तो वही तख्ता पलट भी कर सकती है कभी भी किसी भ्रम में मत रहो. बेटियों के बारे में बीजेपी विधायक की सोच पर टीकाराम जूली ने सवाल उठाए. कहा- कैसी सोच रखते हैं बीजेपी के विधायक'? बजट पर लिंगभेदी टिप्पणियां करने वाले विधायक की बातों पर आप हंस रहे थे. जूली ने बीजेपी विधायक बहादुर सिंह कोली की लिंगभेदी टिप्पणियों पर तंज कसा. कहा कि कल आपके विधायक बजट पर बोलते हुए बेटा-बेटी में भेदभाव वाली बातें कर रहे थे. आपके विधायक हंस रहे थे. मुझे शर्म आती है कि आज भी इस तरह की सोच रखते हैं. 

बिना लाख रुपए दिए लखपति कैसे बना रहे हो ?
टीकाराम जूली ने सदन में सवाल उठाया. कहा कि बिना लाख रुपए दिए लखपति कैसे बना रहे हो'?  आप चुनाव वाले राज्यों में महिलाओं के खातों में पैसा डाल रहे हो. यहां राजस्थान की महिलाओं के खातों में आप पैसा क्यों नहीं डाल रहे ? जब चुनाव आएंगे तभी पैसा डालोगे क्या'? लखपति दीदी स्कीम में बिना लाख रुपए दिए लखपति कैसे बना रहे हो ? किसी के खाते में पैसा डाला हो तो मानें. 

कई मंत्री तो सदन में नींद निकाल रहे थेः
भर्तियों की शुरुआत हमने की, टेस्टिंग एजेंसी बनाई. मेरा सवाल है, रीट परीक्षा की गड़बड़ी की जांच कराई क्या आपने'? RPSC भंग करने की बात करते हो कि क्या भंग ? JJM पोर्टल पर जूली ने कहा कि क्या कह रहा पोर्टल, आप 14 लाख बता रहे हो. पोर्टल कुछ और कह रहा है. रिफाइनरी की घोषणा आपने की थी, क्या हुआ'? ERCP को लेकर मंत्री जी ने जवाब ही नहीं दिया. आखिर क्या दिया बताए तो सही ? तुम जहां सिफारिश से पहुंचे हो, वहां हम चलकर आए हैं. आज तक ऐसा नीरस बजट कभी नहीं देखा. बजट पेश करते वक्त कई मंत्री तो सदन में नींद निकाल रहे थे. बजट फ्रेंच भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ होता है चमड़े का थेला. लेकिन आपने तो थेले का रंग भी भगवा कर दिया. वित्त मंत्री को बजट का थैला तो सुबह 9:30 बजे मिला था, ताकि अध्ययन नहीं कर सके. 

जुमलों की बारिश ना करेंः
वकील धरने पर बैठे. कर्मचारी संगठन बड़े आंदोलन की तैयारी में है. बजट आपका हजारों लाखों करोड़ का. विधायकों को भी कुछ नहीं दे रहे, 3 बोरिंग 6 हैंडपंम. इतना भी मत करो कि विधायक के क्षेत्र में कपड़े फट जाए. चमचागिरी की मिसाल, नमो नर्सरी नमो के नाम योजनाएं. वहीं गांधी जी का नाम हटा दिया. 
मनेरगा का नाम बदल दिया. गांधी जी के मुख से तो अंतिम समय में हे राम निकला था. गांधी जी को लेकर आपके मन में कहीं ना कहीं कुंठा तो है. भरतपुर में सिटी बस सेवा शुरू नहीं हुई. सदन में हम सब लोग जनता के विश्वास पर आए हैं. जनता के निर्णय पर हम यहां आए हैं. जुमलों की बारिश ना करें. इसलिए वो वादे करें जो पूरे कर सकें. नहीं तो जनता का विश्वास उठ जाएगा. 

राजकोषीय घाटा कम दिखाने के लिए विकास कार्यों में कमी कर दीः
हकीकत को सामने रखो, दिखावा ना करें. दो साल में बजट दिया, उसकी 25 प्रतिशत घोषणाएं ही पूरी हो पाई. ऐसा बजट क्यों दे रहे हो ? राजकोषीय घाटा बढ़ा, पहले ही बजट में आप 0.1प्रतिशत से चूक गए थे. कागजों पर घाटा कम हो रहा, वैसे अधिक हो रहा. राजकोषीय घाटा कम दिखाने के लिए विकास कार्यों में कमी कर दी. पांच लाख 70 हजार करोड़ का कर्जा था, जब हमने सत्ता सौंपी थी. तब कोरोना भी था. 2लाख 22हजार करोड़ का कर्जा आज सरकार तीन साल में ले चुकी है. पांच साल में जो हमने काम किया था, वो आपने दो साल में कर दिया. इसके लिए जूली ने श्लोक सुनाकर इसकी व्याख्या भी कर दी. कहा- जब तक जीए सुख से जीए... अगली बार कांग्रेस आएगी, लिहाजा कर्जा छोड़ जाओ जितना छोड़ना है.