पटवारी भर्ती परीक्षा 2025, रोडवेज ने की अभ्यर्थियों के लिए बड़ी घोषणा, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने आगामी पटवारी भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है. परीक्षा में सम्मिलित होने वाले पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी

रोडवेज की तरफ़ से यह सुविधा परीक्षा से दो दिन पहले यानी 15 अगस्त 2025 की रात 12 बजे से शुरू होकर परीक्षा के अगले दिन 19 अगस्त 2025 की रात 11 बजकर 59 मिनट तक जारी रहेगी.इस अवधि में परीक्षार्थी अपने निवास स्थान या तैयारी स्थल से परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए किसी भी रोडवेज बस में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे. इसके लिए उन्हें केवल अपना प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) दिखाना होगा.अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए निगम ने 350 अतिरिक्त यात्री वाहनों की व्यवस्था की है. सभी मुख्य डिपो और बस स्टैंड पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात रहेगा, ताकि अभ्यर्थियों को समय पर बस मिल सके और किसी प्रकार की असुविधा न हो. भीड़ प्रबंधन और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया गया है.  

राज्य में 17 अगस्त को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 6,76,009 पंजीकृत उम्मीदवार भाग लेंगे. परीक्षा 38 जिलों में स्थित 595 केंद्रों पर आयोजित होगी. परीक्षा दिवस पर रोडवेज मुख्यालय और सभी डिपो में कंट्रोल रूम सक्रिय रहेंगे, जो अभ्यर्थियों की यात्रा और बस संचालन पर लगातार निगरानी रखेंगे.रोडवेज प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे निःशुल्क यात्रा सुविधा का लाभ लेने के लिए समय से बस स्टैंड पर पहुँचें और अपना प्रवेश पत्र साथ रखें. निगम का कहना है कि यह पहल न केवल परीक्षार्थियों को आर्थिक राहत देगी, बल्कि उन्हें समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुँचने में भी मदद करेगी.